
विधानसभा के 25 वर्षों के सफर को राष्ट्रपति मुर्मू करेंगी संबोधित
छत्तीसगढ़ विधानसभा की रजत जयंती के अवसर पर आज राजधानी रायपुर में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी विधानसभा परिसर में उपस्थित हैं। वे विधायकों और मंत्रियों को संबोधित करेंगी। इससे पहले, रायपुर एयरपोर्ट पर पारंपरिक छत्तीसगढ़ी नृत्य के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया। राज्य के प्रमुख नेताओं की उपस्थिति में यह आयोजन गरिमामय वातावरण में शुरू हुआ।
छत्तीसगढ़ विधानसभा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आज रायपुर में विशेष रजत जयंती कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस ऐतिहासिक अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विधानसभा में विधायकों और मंत्रियों को संबोधित कर रही हैं। इससे पहले राष्ट्रपति विशेष विमान से रायपुर एयरपोर्ट पहुंचीं, जहां पारंपरिक छत्तीसगढ़ी वेशभूषा में सजे कलाकारों ने सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर उनका स्वागत किया।
विधानसभा परिसर में राज्यपाल रामेन डेका, विधानसभा अध्यक्ष रमन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद हैं।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, यातायात में बदलाव
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था सख्त की गई है। दोपहर तक एयरपोर्ट से लेकर विधानसभा तक कई मार्गों पर सामान्य यातायात प्रभावित रहेगा। रिंग रोड-3 पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है। विधानसभा मार्ग दोपहर 2 बजे के बाद ही आम लोगों के लिए खुला रहेगा।
दौरे से पहले हादसा, ट्रैफिक डायवर्ट
राष्ट्रपति के काफिले के मार्ग पर सुबह एक दुर्घटना हो गई। रेत से भरे डंपर और पेंट से लदे ट्रक की टक्कर से सड़क पर पेंट फैल गया। दुर्घटना में चालक व सहायक घायल हुए हैं। ट्रैफिक पुलिस ने तत्परता से रोड क्लियर कर रूट को सुरक्षित किया।