भिलाई। शहर के जामुल थाना क्षेत्र में देर रात जन्मदिन पार्टी से लौट रहे एक युवक से लूट की घटना को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से एक आरोपी पूर्व में ATM मशीन तोड़ने के प्रयास में भी पकड़ा जा चुका है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लूट का सामान बरामद कर लिया है।
8 अप्रैल की रात लगभग 12:30 बजे कुलदीप निषाद नामक युवक अपने दोस्त के जन्मदिन समारोह से मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। जब वह सीएसईबी चौक, जामुल के पास पहुंचा, तभी स्कूटी सवार तीन युवकों ने उसका रास्ता रोका। उन्होंने धारदार चाकू दिखाकर मारपीट की और जेब में रखे 500 रुपये नकद, मोबाइल फोन और आधार कार्ड लूटकर फरार हो गए।

सूचना मिलते ही जामुल पुलिस हरकत में आई और पीड़ित द्वारा बताए गए हुलिये के आधार पर संदेहियों की तलाश शुरू की। पूछताछ के दौरान शुरू में आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन बाद में अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से लूटा गया सामान और घटना में प्रयुक्त स्कूटी व चाकू बरामद कर लिया है।
सीएसपी छावनी हरीश पाटिल ने बताया कि मुख्य आरोपी दिशु जगत पूर्व में नेवई क्षेत्र में ATM तोड़ने के प्रयास में गिरफ्तार हो चुका है। सभी तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
- दिशु जगत, 19 वर्ष, निवासी न्यू खुर्सीपार
- हिमांशु सिंह, 20 वर्ष, निवासी लक्ष्मी पारा, जामुल
- जय कुमार साहू उर्फ छोटु उर्फ डीजे, 18 वर्ष, निवासी संतोषी चौक, जामुल