मोहला-मानपुर-चौकी और सक्ति जिले को भी बेस्ट परफॉर्मिंग डिस्ट्रिक्ट का अवॉर्ड, तिरुवनंतपुरम में हुआ सम्मान समारोह
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के सफल क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ राज्य ने राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। इस योजना की 12वीं राष्ट्रीय समीक्षा बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ को ‘सेकंड बेस्ट परफॉर्मिंग स्टेट’ के खिताब से नवाजा गया है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य ने एक बार फिर कृषि क्षेत्र में अपनी प्रभावी नीतियों और कार्यप्रणाली से राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्य को देश के बड़े राज्यों की श्रेणी में ‘सेकंड बेस्ट परफॉर्मिंग स्टेट’ के रूप में चुना गया है।

यह सम्मान भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा तिरुवनंतपुरम (केरल) में आयोजित दो दिवसीय 12वीं राष्ट्रीय समीक्षा बैठक (18-19 अप्रैल 2025) के दौरान प्रदान किया गया। इस कार्यक्रम में भारत सरकार के कैबिनेट सचिव (कृषि) की उपस्थिति में छत्तीसगढ़ की ओर से संयुक्त संचालक बी.के. मिश्रा और उपसंचालक (उद्यानिकी) नीरज शाह ने यह सम्मान ग्रहण किया।
यही नहीं, राज्य के मोहला-मानपुर-चौकी और सक्ति जिलों को बेस्ट परफॉर्मिंग डिस्ट्रिक्ट के तौर पर सम्मानित किया गया। इन जिलों की ओर से क्रमशः कलेक्टर तूलिका प्रजापति और टोपनो ने पुरस्कार प्राप्त किया।
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रसन्नता जताते हुए कहा कि, “यह सम्मान राज्य सरकार की किसान हितैषी नीतियों, कृषि मंत्री राम विचार नेताम के मार्गदर्शन तथा कृषि विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की समर्पित मेहनत का परिणाम है।”
मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग की टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता छत्तीसगढ़ के किसानों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में भी राज्य कृषि के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को छुएगा और किसानों को अधिकतम लाभ पहुंचाया जाएगा।