होशियारपुर में 5-7 धमाकों के बाद ब्लैकआउट, जालंधर और सांबा में भी दिखे संदिग्ध ड्रोन; स्कूल-कॉलेज बंद
भारत-पाकिस्तान के बीच घोषित सीजफायर के बावजूद सीमा पार से गतिविधियाँ थम नहीं रही हैं। शनिवार रात जम्मू और पंजाब के कई इलाकों में ड्रोन और धमाकों की घटनाओं से तनाव का माहौल बना हुआ है। भारतीय एयर डिफेंस ने सांबा में ड्रोन मार गिराए, वहीं होशियारपुर और जालंधर में भी संदिग्ध हलचल देखी गई।
नई दल्ली (ए)। भारत और पाकिस्तान के बीच 10 मई शाम 5 बजे से सीजफायर लागू है, लेकिन हालात सामान्य होते नहीं दिख रहे हैं। शनिवार रात करीब 9:30 बजे जम्मू-कश्मीर के सांबा क्षेत्र में संदिग्ध ड्रोन देखे गए, जिन्हें भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने तत्परता से मार गिराया।
पंजाब में स्थिति और भी गंभीर रही। होशियारपुर जिले के दसूहा क्षेत्र में एक बार फिर से 5 से 7 तेज धमाकों की आवाज सुनी गई, जिसके बाद सायरन बजाए गए और पूरे जिले में ब्लैकआउट कर दिया गया। जालंधर में भी ड्रोन देखे जाने की खबरें सामने आईं, जिससे नागरिकों में दहशत का माहौल है।
7 मई से शुरू हुए ऑपरेशन सिंदूर में अब तक पाकिस्तान की ओर से की गई गोलीबारी में 5 भारतीय सैनिक और 2 BSF जवान शहीद हो चुके हैं, जबकि 60 से ज्यादा घायल हुए हैं। इसके अलावा 27 नागरिकों की भी जान जा चुकी है। सीजफायर के बाद भारत और पाकिस्तान के डीजीएमओ के बीच वार्ता हुई, जिसमें दोनों पक्षों ने एक भी गोली न चलाने पर सहमति जताई थी। बावजूद इसके, पाकिस्तान की ओर से ड्रोन और धमाकों जैसी गतिविधियाँ सीजफायर की गंभीरता पर सवाल उठा रही हैं। हालात को देखते हुए पंजाब के अमृतसर, तरनतारन, पठानकोट और फाजिल्का जिलों में सभी स्कूल-कॉलेज 13 मई तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है।