एम्स ट्रॉमा सेंटर में जाकर शाह ने जवानों का हाल जाना, विजय शर्मा भी रहे साथ, ऑपरेशन में 31 नक्सली ढेर
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने दिल्ली स्थित एम्स ट्रॉमा सेंटर में जाकर छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर हुए नक्सल विरोधी अभियान में घायल हुए जवानों से मुलाकात की। उन्होंने जवानों की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि पूरा देश उनके साहस और समर्पण पर गर्व करता है।
रायपुर/नई दिल्ली (ए)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली के एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर उन जांबाज़ सुरक्षाकर्मियों से मुलाकात की जो हाल ही में छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर करेगुट्टा पहाड़ियों में चले नक्सल विरोधी अभियान के दौरान घायल हुए थे। इस ऑपरेशन में जवानों ने 21 दिनों की लगातार कार्रवाई में 31 नक्सलियों को मार गिराया था। अमित शाह के साथ छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे।
शाह ने जवानों का हालचाल जाना और कहा, “देश को अपने वीर जवानों पर पूरा भरोसा है और उनकी वीरता पर हमें गर्व है। वे नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रहे हैं और उनके साहस ने आतंक के गढ़ को हिला दिया है।”
गृहमंत्री ने आगे कहा कि यह अभियान सुरक्षाबलों के साहस, अनुशासन और रणनीतिक कौशल का प्रतीक है। “इन वीर सैनिकों की बहादुरी से नक्सलवाद जड़ से उखड़ रहा है और सरकार हर मोर्चे पर जवानों के साथ खड़ी है।”
विजय शर्मा ने भी घायल जवानों से बातचीत की और उनके स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा, “जवानों के चेहरों पर मुस्कान और आंखों में साहस की चमक देखकर हम सभी को गर्व होता है।” उन्होंने जवानों के परिश्रम, बलिदान और समर्पण को राष्ट्र की सच्ची पूंजी बताया।