आयुष्मान भारत योजना से जुड़े अस्पतालों में मिलेगा लाभ, एक से अधिक घायलों पर खर्च की सीमा भी बढ़ेगी
अब सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को इलाज के लिए आर्थिक चिंता नहीं सताएगी। प्रदेश सरकार ने एक नई पहल करते हुए ऐसी दुर्घटनाओं के शिकार लोगों को तत्काल और नि:शुल्क इलाज मुहैया कराने की योजना लागू कर दी है, जो आज से प्रभावी होगी।
रायपुर। प्रदेश सरकार ने सड़क दुर्घटना पीड़ितों के इलाज को लेकर एक बड़ी राहत योजना लागू की है। अब यदि कोई व्यक्ति सड़क हादसे में घायल होता है, तो उसे आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पंजीकृत अस्पतालों में 7 दिनों तक अधिकतम 1.5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज मिलेगा।
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने जानकारी दी कि अगर हादसे में एक से अधिक लोग घायल होते हैं, तो सरकार प्रति व्यक्ति डेढ़ लाख की दर से सहायता प्रदान करेगी। यानी दो घायलों के लिए 3 लाख और तीन घायलों के लिए 4.5 लाख रुपए तक मुफ्त इलाज संभव होगा।
उन्होंने कहा कि यह योजना शुक्रवार से पूरे प्रदेश में लागू हो रही है। योजना के लाभ केवल उन्हीं अस्पतालों में मिलेंगे जो आयुष्मान भारत योजना के पैनल में शामिल हैं। घायलों को नजदीकी पैनल अस्पताल में तुरंत भर्ती कराया जाएगा और यदि अस्पताल में संसाधनों की कमी है, तो मरीज को तुरंत किसी सक्षम अस्पताल में रेफर किया जाएगा।
मरीज की जानकारी पोर्टल पर अपडेट करना अनिवार्य होगा ताकि इलाज में किसी तरह की देरी न हो। सरकार ट्रॉमा और पॉली-ट्रॉमा के विशेष अस्पतालों को भी योजना से जोड़ने की प्रक्रिया में है, ताकि गंभीर घायलों को त्वरित और प्रभावी इलाज मिल सके।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को अलर्ट कर दिया गया है और तकनीकी पहलुओं पर विचार-विमर्श के लिए बैठकें आयोजित की गई हैं।