- वैशाली नगर क्षेत्र में घर के बाहर हुआ हमला
- आरोपी ने पीड़ित का गला दबाया, दीवार से सिर पटका
- पत्नी के विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी
- एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त में, दो अब भी फरार
भिलाई के वैशाली नगर में रुपए के लेनदेन को लेकर एक दंपती पर जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना में पति को गंभीर रूप से पीटा गया, जबकि पत्नी को भी जान से मारने की धमकी दी गई। मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।

भिलाई। वैशाली नगर क्षेत्र में 21 मई की रात एक दंपती पर पैसों के लेन-देन को लेकर जानलेवा हमला किया गया। पीड़िता स्नेहा चौबे ने थाना वैशाली नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि रात करीब 10:30 बजे उनके पति प्रदीप चौबे को शुभम यादव ने फोन कर घर के बाहर बुलाया। बाहर आते ही शुभम यादव ने प्रदीप से विवाद शुरू कर गाली-गलौज की और अपने साथियों दीपक नेपाली व राजा के साथ मिलकर मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि शुभम यादव ने प्रदीप का गला दबाया और उसका सिर दीवार से टकराने लगा। स्नेहा चौबे जब बीच-बचाव करने पहुंचीं तो हमलावरों ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी। बताया जा रहा है कि तीनों आरोपी शुभम के चाचा राम प्यारे के कहने पर वहां पहुंचे थे।
पुलिस के अनुसार, मामले में अपराध क्रमांक 142/2025 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(3), 109, और 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया है। तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी शुभम यादव को घेराबंदी कर पकड़ा और पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। 22 मई को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है।