तेज रफ्तार बाइकर्स पर भी कार्रवाई; चालान के साथ कराई उठक-बैठक
कोरबा जिले के लोकप्रिय झोराघाट पिकनिक स्पॉट पर रविवार को हंगामेदार माहौल देखने को मिला, जब कुछ युवकों ने शराब पीकर उत्पात मचाया और बाइकर्स तेज रफ्तार और शोरगुल से अन्य पर्यटकों की शांति भंग कर रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए शराबियों और बाइकर्स को सबक सिखाया।
रायपुर। रविवार को कोरबा के झोराघाट पिकनिक स्थल पर गर्मी की छुट्टियों में सैर-सपाटे का आनंद लेने पहुंचे सैकड़ों लोगों की मस्ती कुछ युवकों की शराबखोरी और बाइक स्टंट के चलते खलल में बदल गई। मौके पर उत्पात की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तत्काल पहुंची और शराब पी रहे युवकों के साथ तेज़ रफ्तार व संशोधित साइलेंसर वाली बाइकों पर कार्रवाई की।
करीब 20 बाइकर्स के वाहनों को जब्त किया गया, जिनमें से कई पर नंबर प्लेट नहीं थी और अधिकतर बिना हेलमेट व तेज़ आवाज वाली बाइकों से माहौल खराब कर रहे थे। वहीं, शराब पीते पाए गए युवकों से अंग्रेज़ी शराब की बोतलें जब्त की गईं। मौके पर ही कुछ युवकों से उठक-बैठक कराई गई ताकि उन्हें सबक मिल सके।
एसपी सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर कटघोरा पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य झोराघाट जैसे पिकनिक स्थलों पर शांति और पारिवारिक वातावरण बनाए रखना है। यह स्थल केवल कोरबा ही नहीं, बल्कि बिलासपुर, जांजगीर-चांपा और अन्य जिलों के पर्यटकों के बीच भी लोकप्रिय है।
स्थानीय लोगों ने शिकायत की थी कि झोराघाट में बीते कुछ समय से असामाजिक गतिविधियों में बढ़ोतरी हो रही है। परिवार के साथ आने वाले पर्यटकों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। पहले भी इस स्थान पर शराब पीकर मारपीट और उपद्रव की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
पुलिस का कहना है कि शनिवार और रविवार को विशेष निगरानी रखी जा रही है क्योंकि इन दिनों भीड़ ज्यादा होती है और उपद्रवी सक्रिय हो जाते हैं। थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने कहा कि केवल चालान से बात नहीं बनेगी, इसलिए ऐसे तत्वों को सार्वजनिक रूप से चेतावनी दी जा रही है ताकि वे भविष्य में ऐसी हरकतों से बचें।