आईजी रामगोपाल गर्ग और सेनानी राजेश कुकरेजा की उपस्थिति में हुआ वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की प्रथम वाहिनी छसबल भिलाई परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कुल 800 फलदार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
दुर्ग। पर्यावरण संरक्षण और हरित भारत की संकल्पना को मूर्त रूप देने के उद्देश्य से आज 5 जून 2025 को छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की प्रथम वाहिनी छसबल भिलाई के बैडमिंटन हॉल परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दोपहर 12 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग ने वृक्षारोपण किया। कार्यक्रम में सेनानी श्री राजेश कुकरेजा, उप सेनानी श्रीमती सबा अंजुम, सहायक सेनानी श्री जयलाल मरकाम सहित छसबल भिलाई के सभी अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हुए।

इस अवसर पर सेनानी श्री कुकरेजा के मार्गदर्शन में परिसर में 800 फलदार पौधे लगाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है, बल्कि जलवायु परिवर्तन से निपटने और वातावरण को हरा-भरा बनाए रखने के प्रति जागरूकता फैलाना भी है।

आईजी श्री गर्ग ने कहा कि प्रकृति से मिले संसाधनों की सुरक्षा प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने उपस्थितजनों से अपील की कि वे अपने आस-पास अधिक से अधिक वृक्ष लगाएं और उनकी देखभाल करें, जिससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ व सुरक्षित पर्यावरण मिल सके। कार्यक्रम के पश्चात श्री गर्ग ने नव निर्मित महिला बैरक, शहीद स्मारक ग्राउंड और जवानों के बैरकों के जीर्णोद्धार कार्यों का निरीक्षण भी किया तथा कार्य की प्रशंसा की।
इस आयोजन में छसबल के परिवारजनों और निवासरत जवानों को भी भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस कार्यक्रम में कुल 51 पौधों का रोपण किया गया और शेष पौधों को चरणबद्ध तरीके से लगाया जाएगा।