धमतरी-महासमुंद में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, बस्तर-बीजापुर में बारिश की संभावना; रायपुर में 16-17 जून तक मानसून पहुंचने की उम्मीद
छत्तीसगढ़ में मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। गुरुवार को राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहे, पर बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग सहित 14 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे में तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की आशंका है। वहीं 14 जून से मानसून के सक्रिय होने के संकेत मिले हैं।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में गुरुवार को मौसम शांत रहा, लेकिन शुक्रवार से बदलाव की उम्मीद है। मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग, धमतरी, महासमुंद सहित दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के 14 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। कई स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है।
बस्तर क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से ठहरा हुआ मानसून अब धीरे-धीरे आगे बढ़ने के संकेत दे रहा है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फेवरेबल कंडीशन बनने लगे हैं, जिससे मानसून 16 या 17 जून तक रायपुर और आस-पास के इलाकों में पहुंच सकता है। अभी जो बारिश हो रही है वह पूरी तरह से स्थानीय सिस्टम के कारण हो रही है।
रायपुर में मंगलवार की शाम अचानक हुई झमाझम बारिश ने शहर को भिगो दिया था। आधे घंटे की बारिश में कई इलाकों में जलभराव हो गया, जबकि विधानसभा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित रही। बुधवार को प्रदेश के 10 जिलों में औसतन 25 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि गुरुवार को मौसम सूखा बना रहा। तापमान की बात करें तो गुरुवार को दुर्ग राज्य का सबसे गर्म जिला रहा जहां अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे ठंडा रहा जगदलपुर, जहां न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा।