DRG और पुलिस बल की संयुक्त कार्रवाई में कटेकल्याण कमेटी के दो माओवादी मारे गए, इंसास राइफल समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो हार्डकोर नक्सली मारे गए हैं। जिनमें से एक LOS कमांडर था, जिस पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। मौके से सुरक्षाबलों ने हथियार और विस्फोटक भी बरामद किए हैं।
सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के कूकानार थाना क्षेत्र अंतर्गत डुनमपारा-पुसगुन्ना के जंगलों में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। यहां 11 जून को जिला पुलिस बल और डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) की संयुक्त टीम को नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। उसी के आधार पर जब जवान तलाशी अभियान पर निकले, तो माओवादियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
जवाब में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभालते हुए प्रभावी कार्रवाई की, जिसमें दो नक्सली मारे गए। बाद में मृत नक्सलियों की पहचान कटेकल्याण एरिया कमेटी के सक्रिय LOS कमांडर मुचाकी बामन और महिला माओवादी सदस्य अनीता अवलम के रूप में हुई। मुचाकी बामन पर राज्य शासन द्वारा 5 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से एक इंसास राइफल, अन्य हथियार और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई।
17 महीने में 411 नक्सली ढेर
बस्तर IG के अनुसार, वर्ष 2024-25 की 17 महीनों की अवधि में सुरक्षाबलों ने 411 हार्डकोर नक्सलियों का सफाया किया है। DRG, STF, कोबरा, CRPF, BSF, ITBP, CAF और बस्तर फाइटर्स जैसे बलों की संयुक्त कार्रवाई लगातार नक्सल प्रभावित इलाकों में की जा रही है। उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों का मनोबल ऊंचा है और नक्सलियों के खिलाफ यह अभियान और भी सख्ती से जारी रहेगा।