दुर्ग के विजयनगर में सुने घर को बनाया निशाना, अलमारी तोड़कर नगदी और गहने उड़ाए, CCTV में चेहरा साफ, फिर भी गिरफ्तारी नहींदुर्ग के विजयनगर में सुने घर को बनाया निशाना, अलमारी तोड़कर नगदी और गहने उड़ाए, CCTV में चेहरा साफ, फिर भी गिरफ्तारी नहीं
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वारदात को अंजाम देने के बाद CCTV कैमरे के सामने ‘टाटा-बाय-बाय’ करते नजर आए। विजयनगर इलाके के एक बंद घर में लाखों की चोरी हुई और घटना को 10 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक किसी आरोपी तक नहीं पहुंच सकी है।
दुर्ग। विजयनगर इलाके में एक सूने मकान को चोरों ने अपना निशाना बनाया और लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने दीवार फांदकर घर में प्रवेश किया और फिर मेन गेट का ताला तोड़ अंदर दाखिल हुए। अंदर जाकर उन्होंने अलमारी का लॉकर तोड़ा और लगभग 7 लाख के गहने व 50 हजार नकद लेकर फरार हो गए। सबसे हैरानी की बात यह रही कि जाते वक्त जब चोरों ने CCTV कैमरा देखा, तो कैमरे की ओर हाथ हिलाते हुए ‘टाटा-बाय-बाय’ करते बाहर निकले। चोरी की यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई और अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
चेहरे कैमरे में साफ, फिर भी गिरफ्त से दूर
CCTV वीडियो में चार चोर दिखाई दे रहे हैं, जिनमें से दो ने चेहरे ढक रखे हैं जबकि दो के चेहरे पूरी तरह स्पष्ट हैं। बावजूद इसके, मोहन नगर थाना पुलिस अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
पीड़ित परिवार निजी कार्यक्रम में गया था बाहर
घर के मालिक बिनय कुमार वर्मा ने बताया कि घटना के दिन यानी 10 जून को वे पूरे परिवार के साथ बिलासपुर गए थे। इसी बीच पड़ोसी ने फोन कर घर का ताला टूटा होने की सूचना दी। जब वे लौटे, तो घर में सारा सामान बिखरा मिला और लॉकर से गहने और नकदी गायब थे।
पुलिस जांच के दावे, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं
दुर्ग पुलिस की ओर से बताया गया कि FIR दर्ज कर ली गई है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों की पहचान की जा रही है। मगर चोरी के 10 दिन बाद भी कोई गिरफ्तारी नहीं होना स्थानीय लोगों में असंतोष और असुरक्षा की भावना पैदा कर रहा है।