- भिलाई नगर पुलिस ने सात आरोपियों व एक अपचारी बालक को किया गिरफ्तार
- चोरी के पैसों से खरीदी गई सेकंड हैंड फिएट कार भी पुलिस ने बरामद की
- करीब 7.5 लाख रुपये की संपत्ति, लेपटॉप, सोने के जेवर, एसी, बर्तन व वाहन जब्त
भिलाई नगर के हुडको क्षेत्र में एक बंद मकान से लाखों रुपये की चोरी की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। सात आरोपियों और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार करते हुए पुलिस ने चोरी के सामान के साथ-साथ एक सेकंड हैंड कार और वाहन भी बरामद किए हैं। चोरों ने सुनियोजित तरीके से मकान में सेंधमारी कर कीमती जेवर, लेपटॉप, बर्तन, एसी और नगदी की चोरी की थी।
भिलाई नगर। हुडको क्षेत्र में बीते महीने हुई चोरी की बड़ी वारदात को सुलझाते हुए भिलाई नगर पुलिस ने सात आरोपियों और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक सुनसान पड़े मकान में सेंध लगाकर लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ किया था। प्रार्थी तिमिर भट्टाचार्जी (63 वर्ष) निवासी हुडको ने 13 जून 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 मई से 5 जून के बीच उनके आमदी नगर स्थित मकान से लेपटॉप, विंडो एसी, दो सिलेंडर, शादी में मिले बर्तन, कपड़े और अलमारी में रखे सोने के जेवरात चोरी हो गए हैं। FIR संख्या 248/2025 को बीएनएस की धाराओं 331(4), 305, 3(5) के तहत दर्ज किया गया।
जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी आशीष दास उर्फ चिंटू अचानक से एक फिएट कार में घूम रहा है। संदेह होने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने साथियों अमन सिंह, शशांक बाघ, जैकी चंदेल, जितेंद्र चंदेल, कार्तिक कुमार और शिवान सतपथी के साथ मिलकर चोरी करने की योजना और घटना को अंजाम देने की बात कबूल की।
उन्होंने बताया कि 1 जून की रात क्वार्टर HIG-59 व HIG-60 में घुसकर लेपटॉप, गैस सिलेंडर, विंडो एसी, बर्तन, कपड़े और सोने की चूड़ी व लॉकेट चोरी किया। चुराया गया सामान एक्टीवा और ऑटो में भरकर ले जाया गया और सभी ने माल आपस में बांट लिया। आशीष ने सोना बेचकर मिली रकम से 15,000 रुपये अपने साथी शिवान को दिए और बाकी पैसों से एक सेकंड हैंड फिएट कार (CG 04 DL 0330) खरीदी। पुलिस ने चोरी की गई कुल 7.5 लाख रुपये की संपत्ति जिसमें एक फिएट कार, नगदी, जेवर, लेपटॉप, एसी, बर्तन, एक्टीवा और ऑटो शामिल हैं, बरामद कर लिया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है। इस कार्रवाई में थाना भिलाई नगर पुलिस और ACCU टीम की सराहनीय भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपीगण:
- आशीष दास उर्फ चिंटू (25), हुडको भिलाई
- अमन सिंह (21), तालपुरी भिलाई
- शशांक बाघ (29), रायपुर नाका दुर्ग
- जैकी चंदेल (22), दुर्ग
- जितेंद्र चंदेल उर्फ जीतू (31), दुर्ग
- शिवान सतपथी (33), हुडको भिलाई