- शराब के लिए पैसे मांगे, इनकार पर बुजुर्ग पर चाकू से जानलेवा हमला
- AIIMS कर्मी पर भी हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
- अपराधियों को सरेआम जुलूस निकालकर पुलिस ने दिखाया सख्त रुख
दुर्ग में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग और नौकरी से लौटते कर्मचारी तक चाकूबाजी के शिकार हो रहे हैं। शराब और वसूली के लिए हमला करने वाले बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर पूरे इलाके में शर्मनाक जुलूस निकाला, ताकि अपराधियों में खौफ और जनता में भरोसा कायम हो सके।
दुर्ग। शहर में बढ़ते चाकूबाजी के मामलों के बीच दुर्ग पुलिस ने दो बड़ी घटनाओं का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर इलाके में सरेआम जुलूस निकाला। HUDCO निवासी पी.ए. राव पर मॉर्निंग वॉक के दौरान और AIIMS कर्मी सुखदेव निषाद पर ड्यूटी से लौटते समय चाकू से हमले की घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पहली घटना 17 जून की सुबह की है, जब पी.ए. राव रोज़ की तरह शीतला मंदिर, उतई-दुर्ग रोड के पास मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। तभी वंश जोशी और गिरधर कुर्रे नामक दो युवकों ने उन्हें घेरकर शराब पीने के लिए पैसे मांगे। मना करने पर दोनों ने धारदार चाकू से पेट, सीने और सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल राव ने किसी तरह घर पहुंचकर भाई की मदद से पद्मनाभपुर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्हें जिला अस्पताल के बाद रायपुर मेकाहारा रेफर किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि घटना में इस्तेमाल चाकू सूरज बंजारे ने दिया था। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हथियार जब्त किए गए।
पुलिस ने तीनों का कसारीडीह क्षेत्र में जुलूस निकाला, जिसमें आरोपी हाथ जोड़कर कहते नजर आए: “चाकू मारना पाप है, पुलिस हमारा बाप है!”