सुरगुजा से बस्तर तक बारिश का कहर, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट, खुले में काम करने वालों को सतर्क रहने की सलाह
छत्तीसगढ़ में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने राज्य के 20 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए अगले 24 घंटों में भारी बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की चेतावनी दी है। 22 जून के बाद बारिश की तीव्रता में थोड़ी कमी आने की संभावना है, लेकिन बादल छाए रहेंगे और बूंदाबांदी जारी रह सकती है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय हो चुका है और इसके असर से राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, राजनांदगांव, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गरियाबंद, पेण्ड्रा, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में अगले कुछ घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं (30-40 किमी/घंटा) और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। लोगों को सलाह दी गई है कि वे पेड़ों, बिजली के खंभों या खुले स्थानों पर न रुकें और मौसम की ताजा जानकारी पर नज़र बनाए रखें।
सावधानी जरूरी: किसानों और मजदूरों के लिए चेतावनी
मौसम विभाग ने किसानों, निर्माण कार्य में लगे मजदूरों और खुले में कार्य कर रहे लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। वज्रपात की आशंका को देखते हुए खेतों या खुले स्थानों में काम करने से बचने की सलाह दी गई है।
मानसून की चाल: कहां से आ रहा असर?
यह मौसम बदलाव उत्तर झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल के ऊपर बने निम्न दाब क्षेत्र और उससे जुड़े चक्रवातीय परिसंचरण के कारण हो रहा है। इस सिस्टम के चलते छत्तीसगढ़ में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियों में तेज़ी आई है।
20 जून को विशेष अलर्ट: सरगुजा संभाग में भारी वर्षा संभव
20 जून को सरगुजा संभाग (अंबिकापुर, बलरामपुर, सूरजपुर, जशपुर, कोरिया) में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, बिलासपुर संभाग में मध्यम से भारी वर्षा होने के आसार हैं।
22 जून के बाद राहत की उम्मीद
मौसम विभाग के अनुसार, 22 जून से बारिश की तीव्रता में थोड़ी कमी आ सकती है। हालांकि, हल्की फुहारों और बादल छाए रहने की स्थिति बनी रह सकती है।
राजधानी रायपुर का पूर्वानुमान
रायपुर में 20 जून को आंशिक रूप से बादल छाए रहने, गरज के साथ बारिश, और तेज हवाओं का अनुमान है। अधिकतम तापमान लगभग 31°C, जबकि न्यूनतम तापमान 26°C रह सकता है।