दुर्ग जिले के खम्हरिया गांव में 25-30 मीटर की दूरी पर दो कुओं से महिला और बच्चे के शव मिले, पहचान अब तक अज्ञात, हत्या की आशंका गहराई
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दो अलग-अलग कुओं से महिला और एक बच्चे के शव बरामद हुए हैं। दोनों शव कपड़े में लिपटे थे और उनके हाथ-पैर बंधे हुए थे। शवों को भारी वस्तुओं के साथ कुएं में फेंका गया था। यह मामला हत्या की आशंका को बल दे रहा है।
दुर्ग। दुर्ग जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खम्हरिया (कुरूद डीह) में उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने दो अलग-अलग कुओं में एक महिला और एक बच्चे के शव देखे। शवों को कपड़े में लपेटकर कुएं में फेंका गया था और उनके हाथ-पैर रस्सियों से बांधे हुए थे। शवों के साथ पत्थर और मिट्टी भी बांधकर डुबोने की कोशिश की गई थी।

जानकारी मिलते ही अमलेश्वर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दोनों शव करीब 25-30 मीटर की दूरी पर स्थित कुओं से मिले हैं। प्रारंभिक जांच में एक शव 30 से 35 वर्ष की महिला का और दूसरा 10 से 12 साल के बच्चे का बताया जा रहा है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेजा गया है, हालांकि अब तक उनकी पहचान नहीं हो पाई है।
एसपी विजय अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। शव एक दिन पुराने हो सकते हैं। हत्या है या आत्महत्या, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही की जा सकेगी। घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए थे। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। शवों की पहचान होते ही मामले में और खुलासे की उम्मीद है।