गृहमंत्री अमित शाह ने कहा – अब नक्सलियों को चैन से सोने नहीं देंगे, ऑपरेशन बिना रुके जारी रहेगा; फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी और हाईटेक लैब की रखी आधारशिला
रायपुर में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नक्सलियों को सख्त संदेश देते हुए कहा कि अब बरसात का मौसम भी उनके लिए सुरक्षित नहीं रहेगा। NFSU के नए कैंपस का शिलान्यास करते हुए उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ अभियान अब बिना किसी चर्चा या रुकावट के सतत रूप से चलेगा।
रायपुर। रायपुर के नवा रायपुर क्षेत्र में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी (NFSU) के रायपुर कैंपस और एक अत्याधुनिक फॉरेंसिक लैब का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने नक्सलियों के खिलाफ अपने रुख को और कठोर करते हुए स्पष्ट कहा,
“अब नक्सलियों को बारिश में भी नींद नहीं आएगी, ऑपरेशन रुकने वाला नहीं है। हथियार डालना ही एकमात्र विकल्प है।”
![]()
गृहमंत्री ने कहा कि फॉरेंसिक शिक्षा के क्षेत्र में रायपुर को नई पहचान मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि NFSU से डिग्री लेने का मतलब रोजगार की गारंटी है। यहां से ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट होने वाले छात्रों को बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। शिलान्यास कार्यक्रम के बाद शाह नवा रायपुर के एक होटल में छत्तीसगढ़ समेत ओडिशा, तेलंगाना, महाराष्ट्र और आंध्रप्रदेश के DGP और ADGP स्तर के अधिकारियों के साथ सुरक्षा संबंधी उच्च स्तरीय बैठक करेंगे। इसके अलावा शाम 6:30 से रात 8:00 बजे तक नक्सल ऑपरेशनों की विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।
इस बैठक में वर्तमान ऑपरेशनों की प्रगति, राज्यों के बीच तालमेल, खुफिया नेटवर्क की मजबूती, और अत्याधुनिक तकनीक के उपयोग पर चर्चा की जाएगी। गृहमंत्री का यह दौरा नक्सल मोर्चे पर केंद्र सरकार की सख्ती और फॉरेंसिक क्षेत्र में विस्तार की रणनीति का स्पष्ट संकेत है।