रायपुर से जबलपुर जा रहे थे चार लोग, हादसे में MP के अमित बघेल की मौत; क्रेन से निकाली गई कार, CCTV फुटेज और चश्मदीदों के बयान जुटा रही पुलिस
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मध्यप्रदेश के एक बैंककर्मी की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। रायपुर से जबलपुर जाते वक्त सिमगा थाना क्षेत्र में उनकी कार पुराने पुल की रेलिंग तोड़कर शिवनाथ नदी में जा गिरी। हादसे के बाद गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू किया गया।
बेमेतरा/सिमगा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में एक तेज रफ्तार कार सोमवार सुबह करीब 8 बजे पुराने शिवनाथ नदी पुल से अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई। हादसा इतना भयावह था कि कार सीधे रेलिंग तोड़ते हुए नदी में समा गई। इस हादसे में मध्यप्रदेश के जबलपुर निवासी और बैंक ऑफ इंडिया बेमेतरा शाखा में पदस्थ कर्मचारी अमित बघेल (निवासी गौरीघाट, जबलपुर) की मौके पर ही मौत हो गई। अमित कार चला रहे थे।

कार में कुल चार लोग सवार थे, जो रायपुर से जबलपुर की ओर जा रहे थे। शिवनाथ नदी के पुराने पुल पर पहुंचते ही कार अचानक बेकाबू हो गई और रेलिंग तोड़ती हुई नदी में गिर गई। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल घायलों को नदी से बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया गया। तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर कार को क्रेन की मदद से नदी से बाहर निकाला।
CCTV फुटेज और जांच शुरू
सिमगा थाना पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुल पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही चश्मदीदों से पूछताछ भी की जा रही है, ताकि घटना की सटीक जानकारी मिल सके। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। इस दुखद दुर्घटना ने क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है।