कमरे की लाइट बंद कर गंदी हरकत करने लगा शिक्षक, विरोध करने पर छात्रा ने छात्रों के सामने सुनाया तमाचा, पुलिस ने आरोपी पर दर्ज किया केस
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में डीएलएड परीक्षा देने आई एक छात्रा के साथ परीक्षा केंद्र में ही ड्यूटी पर तैनात शिक्षक ने अश्लील हरकतें कीं। छात्रा ने साहस दिखाते हुए आरोपी को सबके सामने थप्पड़ जड़ दिया और थाने जाकर FIR दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिलासपुर। शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाली एक घटना बिलासपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में सामने आई है। डीएलएड की परीक्षा देने आई एक 28 वर्षीय छात्रा ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात शिक्षक अनुराग जेकब पर छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगाया है। छात्रा की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पीड़ित छात्रा सारंगढ़-बिलाईगढ़ की निवासी है। उसने बताया कि उसकी पहचान आरोपी शिक्षक अनुराग से बीते वर्ष बीटीआई (बिलासपुर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट) में हुई थी, जब वह प्रवेश से संबंधित जानकारी लेने आई थी। इसके बाद उनका कोई संपर्क नहीं हुआ। इस वर्ष जब डीएलएड की परीक्षा शुरू हुई, तो छात्रा का सेंटर फिर से बीटीआई में आया। 2 जून को पहली बार आरोपी ने देखा, फिर 17 जून को गणित की परीक्षा के दौरान अनुराग की ड्यूटी उसी कक्ष में लगाई गई जहाँ छात्रा परीक्षा दे रही थी। परीक्षा खत्म होने के बाद अनुराग ने कमरे की लाइट बंद कर छात्रा के करीब जाकर अनुचित हरकतें कीं। डरी-सहमी छात्रा ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने आपत्तिजनक बातें भी कीं।
इसके बाद 19 जून को भी छात्रा जब परीक्षा देने आई, तो आरोपी शिक्षक ने फिर से छेड़छाड़ की कोशिश की। परेशान छात्रा ने अपने परिजनों और शिक्षिका को पूरे मामले की जानकारी दी। फिर अगले दिन यानी 20 जून को, जब अनुराग फिर से परीक्षा कक्ष में ड्यूटी पर मौजूद था, तो परीक्षा खत्म होने के बाद उसने छात्रा को कमरे में रोकने की कोशिश की। इस बार छात्रा ने हिम्मत दिखाई। जैसे ही वह कमरे से बाहर निकली, उसने शिक्षक को सभी छात्रों के सामने जोरदार थप्पड़ जड़ दिया और उसका विरोध किया। उसने छात्रों और अन्य शिक्षकों के सामने पूरी घटना बताई। घटना की जानकारी मिलते ही अन्य शिक्षक मौके पर पहुंचे और छात्रा को समझाइश दी। इसके बाद पीड़िता सिटी कोतवाली पहुंची और पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
सिटी कोतवाली टीआई विवेक पांडेय ने बताया कि छात्रा की शिकायत पर शिक्षक अनुराग जेकब के खिलाफ छेड़छाड़, अश्लील हरकत और मानसिक प्रताड़ना से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी की भूमिका की जांच की जा रही है।