15 दिन बाद भी नहीं लगा सुराग, अब तक 7 आरोपी गिरफ्तार, दो फरार; संपत्ति सील करने की तैयारी
राजनांदगांव के मोहड़ में 11 जून को रेत खदान पर हुए गोलीकांड का मुख्य आरोपी भाजपा नेता संजय सिंह अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। मध्यप्रदेश के भिंड का रहने वाला यह आरोपी लगातार स्थान बदल रहा है, जिसे पकड़ने के लिए पुलिस की चार टीमें एमपी में अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
राजनांदगांव। राजनांदगांव के मोहड़ गांव की रेत खदान में 11 जून को हुई फायरिंग की घटना का मुख्य आरोपी भाजपा नेता संजय सिंह अभी भी पुलिस गिरफ्त से दूर है। 15 दिनों से फरार संजय सिंह की तलाश में पुलिस ने मध्यप्रदेश के भिंड सहित कई जिलों में छापेमारी तेज कर दी है।
पुलिस अब तक इस मामले में संलिप्त 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि संजय सिंह समेत दो आरोपी अब भी फरार हैं। वायरल ऑडियो और वीडियो में संजय सिंह की भूमिका उजागर हुई है, जिसके बाद से पुलिस उसकी संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया में जुट गई है।

जांच के दौरान सामने आया है कि आरोपी अतुल सिंह तोमर ने संस्कार सिटी कॉलोनी के ठाकुर टोला इलाके में किराए का मकान लिया था। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसे यह मकान किस व्यक्ति की पहचान या सिफारिश पर मिला।
इस मामले में निलंबित सोमनी थाना प्रभारी सत्यनारायण देवांगन की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है। थाना प्रभारी और चीनू नामक व्यक्ति के बीच हुई बातचीत में पत्रकार मनोज चंदेल का नाम भी सामने आया है। अब पुलिस मनोज चंदेल के मोबाइल की फोरेंसिक जांच करने जा रही है, जिससे घटना की और परतें खुलने की संभावना है। फिलहाल पुलिस इस हाई-प्रोफाइल केस को गंभीरता से लेते हुए फरार आरोपियों की तलाश और संभावित सहयोगियों पर निगरानी बढ़ा चुकी है। इस बीच संजय सिंह की गिरफ्तारी को लेकर विपक्षी दलों द्वारा भी सवाल उठाए जा रहे हैं।