
ओडिशा । ओडिशा के पुरी में रथ यात्रा के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। रथ यात्रा में अचानक भगदड़ मच जाने से तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं शामिल है। वहीं, इस हादसे में 50 लोग घायल हो गए। यह घटना उस समय घटी जब भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी शुभद्रा की मूर्तियों वाले तीन रथ श्री गुंडिचा मंदिर के पास थे।
रविवार सुबह करीब साढे चार बजे पवित्र रथ गुंडिचा मंदिर में थे। दर्शन के लिए बड़ी भीड़ जमा थी। जैसे ही रथ पास पहुंचे, भीड़ बढ़ गई। इस दौरान कुछ लोग जमीन पर गिर गए और भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में अब तक तीन लोगों की जान जा चुकी है। अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल होने के कारण अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान प्रभाती दास और बसंती साहू और 70 वर्षीय प्रेमकांत मोहंती के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों मृतक ओडिशा के खुर्दा जिले के रहने वाले हैं। ये लोग रथ यात्रा के लिए पुरी आए थे।
जिम्मेदार लोगों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
ओडिशा के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को घटना के बारे में जानकारी दे दी है। हरिचंदन ने कहा कि जल्द ही मामले की जांच शुरू की जाएगी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।