नवनिर्मित पुलिस लाइन के क्रियान्वयन पर हुई चर्चा, वृक्षारोपण कर पर्यावरण चेतना का संदेश दिया
बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला ने गुरुवार को सक्ती जिले का दौरा कर पुलिस कार्यप्रणाली की व्यापक समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, अनुशासित व जनोन्मुखी बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
सक्ती। बिलासपुर रेंज के आईजी डॉ. संजीव शुक्ला ने गुरुवार को सक्ती स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण कर जिले की पुलिसिंग व्यवस्था की गहराई से समीक्षा की। अपने दौरे के दौरान उन्होंने जिला पुलिस द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली और आगामी चुनौतियों से निपटने के लिए ठोस रणनीति बनाने की बात कही।
उन्होंने पुलिसिंग में नवाचार और अनुशासन के सामंजस्य को समय की मांग बताते हुए पुलिसकर्मियों को मूलभूत कार्यप्रणालियों के साथ-साथ आधुनिक सोच अपनाने की सलाह दी। नवनिर्मित पुलिस लाइन के संबंध में उन्होंने प्रस्तावित ढांचे की सराहना करते हुए इसके बेहतर संचालन के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए और अमल के लिए विस्तृत चर्चा की।
आईजी डॉ. शुक्ला और पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “रेंज वृक्षारोपण अभियान” की शुरुआत की। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने एसपी कार्यालय परिसर में पौधे रोपित किए और अधिकारियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया।