-
भिलाई से हुई चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी, ED ने रायपुर कोर्ट में किया पेश
-
कोर्ट ने दी 5 दिन की रिमांड, सुनवाई के दौरान कांग्रेस के कई बड़े नेता रहे मौजूद
छत्तीसगढ़ में शराब घोटाले की जांच अब सियासी गरमाहट में बदल चुकी है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को मनी लॉन्ड्रिंग केस में गिरफ्तार कर रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया, जहां उन्हें 5 दिन की रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई के बाद सियासत तेज हो गई है और भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले मामले में शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद चैतन्य को रायपुर स्थित स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 22 जुलाई तक ED रिमांड पर भेज दिया गया है।
सुनवाई के दौरान कोर्ट परिसर में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता – भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत और पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर समेत अन्य मौजूद रहे। इधर, गिरफ्तारी के बाद भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने लिखा, “आज विधानसभा सत्र का अंतिम दिन है। अडाणी के लिए तमनार में हो रही पेड़ों की कटाई का मुद्दा उठाना था। लेकिन साहेब ने मेरे घर ED भेज दी।”
इस पूरे घटनाक्रम के बाद राज्य की राजनीति और गरमा गई है, और कांग्रेस इसे लोकतंत्र पर हमला बता रही है। उधर, ED ने अभी तक गिरफ्तारी को लेकर आधिकारिक प्रेस बयान जारी नहीं किया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार चैतन्य बघेल से मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े अहम सवालों पर पूछताछ की जाएगी।