सड़क, सफाई और स्ट्रीट लाइट को लेकर कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन, ED की कार्रवाई के विरोध में जलाया पुतला, प्रशासन पर भेदभाव के आरोप
जगदलपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम की कार्यप्रणाली के खिलाफ ज़ोरदार प्रदर्शन किया। स्ट्रीट लाइट बंद, सड़कों की बदहाली और साफ-सफाई की लचर व्यवस्था को लेकर सैकड़ों कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घर ED की छापेमारी और उनके बेटे की हिरासत के विरोध में भी आक्रोश व्यक्त करते हुए पुतला दहन किया गया।
जगदलपुर। नगर निगम की उदासीनता के खिलाफ जगदलपुर में कांग्रेसियों ने मोर्चा खोलते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। शहर में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटें, जर्जर सड़कें, जलभराव और डेंगू-मलेरिया जैसी समस्याओं के समाधान में निगम की निष्क्रियता पर सवाल उठाते हुए सैकड़ों कार्यकर्ता नगर निगम कार्यालय तक नारेबाजी करते हुए पहुंचे। बैरिकेड्स तोड़ते हुए कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घर ED की छापेमारी और उनके बेटे की हिरासत का भी विरोध जताया गया। कार्यकर्ताओं ने एजेंसी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार पर राजनीतिक द्वेष का आरोप लगाया।
कांग्रेस की प्रमुख मांगें:
- स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद, जिससे दुर्घटना व आपराधिक घटनाओं की आशंका
- सफाई व्यवस्था के नाम पर केवल दिखावा, जमीनी हकीकत बेहद खराब
- डेंगू व मलेरिया के फैलाव के बावजूद फॉगिंग व दवा छिड़काव नहीं
- JCB जैसी मशीनों के वितरण में राजनीतिक भेदभाव का आरोप
- नजूल भूमि पर रह रहे लोगों को NOC नहीं, छोटे दुकानदारों पर कार्रवाई अन्यायपूर्ण
प्रदर्शन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील मौर्य, पूर्व विधायक रेखचंद जैन, निगम उपनेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी, पार्षद लोकेश समेत भारी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।