सेंसेक्स 50 अंक लुढ़का, निफ्टी 24,650 के करीब; IT, मीडिया और बैंकिंग शेयरों में दबाव, निवेशकों ने ₹6,082 करोड़ के शेयर बेचे
मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार में सुस्ती देखने को मिली। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही हल्की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। विदेशी निवेशकों द्वारा भारी बिकवाली और मिलेजुले ग्लोबल संकेतों के चलते निवेशक सतर्क नजर आ रहे हैं। ऑटो और मेटल जैसे सेक्टर में हल्की तेजी दिखी, जबकि IT, मीडिया और बैंकिंग शेयरों में दबाव रहा।
मुंबई (ए)। हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन यानी मंगलवार, 29 जुलाई को घरेलू शेयर बाजार ने कमजोर शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 50 अंकों की गिरावट के साथ 80,800 के स्तर पर आ गया, जबकि निफ्टी 20 अंक टूटकर 24,650 पर कारोबार कर रहा है।
सेंसेक्स के 30 में से 16 शेयरों में तेजी और 14 में गिरावट देखने को मिल रही है। BEL, जोमैटो और इंफोसिस के शेयरों में 2% तक की गिरावट आई है। वहीं, अडाणी पोर्ट्स, रिलायंस और HCL टेक में हल्की तेजी दर्ज की गई है।
निफ्टी के 50 शेयरों में से 30 हरे निशान में हैं, जबऋ-कि 20 में गिरावट है। सेक्टोरल प्रदर्शन की बात करें तो NSE के IT, मीडिया और प्राइवेट बैंकिंग इंडेक्स कमजोर हुए हैं, जबकि ऑटो, मेटल और रियल्टी सेक्टर में हल्की खरीदारी नजर आई है।
ग्लोबल संकेत भी रहे मिले-जुले:
एशियाई बाजारों में मिलाजुला रुख देखने को मिला। जापान का निक्केई 0.91% गिरकर 40,623 पर, जबकि कोरिया का कोस्पी 0.59% बढ़त के साथ 3,228 के स्तर पर है। हांगकांग का हैंगसेंग 1.09% गिरकर 25,562 और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.076% फिसलकर 3,595 पर कारोबार कर रहा है।
अमेरिकी बाजारों का हाल:
28 जुलाई को अमेरिकी बाजारों में भी मिला-जुला प्रदर्शन रहा। डाउ जोंस 0.14% की गिरावट के साथ 44,838 पर बंद हुआ, जबकि नैस्डैक 0.24% चढ़कर 21,179 और S&P 500 मामूली 0.018% बढ़त के साथ 6,390 पर बंद हुआ।
विदेशी निवेशकों की भारी बिकवाली:
28 जुलाई को विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FIIs) ने कैश सेगमेंट में ₹6,082.47 करोड़ के शेयरों की बिकवाली की। इसके मुकाबले घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने ₹6,764.55 करोड़ की नेट खरीदारी की। जुलाई महीने में अब तक FIIs ने ₹36,591.13 करोड़ के शेयर बेचे हैं, जबकि DIIs की कुल खरीद ₹46,590.52 करोड़ रही है।