गुढ़ियारी से हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर तक निकली विशाल कांवड़ यात्रा, जनसमूह के साथ मुख्यमंत्री भी हुए शामिल
सावन की पावन बेला में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर शिवभक्ति से सराबोर हो गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुढ़ियारी में आयोजित भव्य कांवड़ यात्रा में भाग लेकर भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया और प्रदेशवासियों के लिए सुख-शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
रायपुर। सावन माह में श्रद्धा और आस्था का अनुपम संगम देखने को मिला राजधानी रायपुर में, जहाँ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुढ़ियारी से हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर तक निकली भव्य कांवड़ यात्रा में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने भगवान शिव का रुद्राभिषेक कर प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और मंगलमयी जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री साय ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह कांवड़ यात्रा छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक परंपराओं को जीवंत रखने का कार्य करती है। उन्होंने बताया कि हजारों श्रद्धालु मारूति मंगलम भवन, गुढ़ियारी से जल लेकर पदयात्रा करते हुए हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। मुख्यमंत्री ने इस आयोजन को लोक आस्था, भक्ति और सामाजिक समरसता का प्रतीक बताया।
उन्होंने महादेव घाट स्थित हटकेश्वरनाथ मंदिर के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह स्थल न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि सांस्कृतिक चेतना का भी परिचायक है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती आध्यात्मिकता, लोक संस्कृति और जन-आस्था का जीवंत स्वरूप है।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह और महापौर मीनल चौबे सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।