छात्र संगठन ने 15 दिन का अल्टीमेटम दिया, कहा—मांगें पूरी नहीं हुईं तो फिर होगा आंदोलन
एमिटी विश्वविद्यालय में छात्रा की आत्महत्या के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने सोमवार को कैंपस में जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों ने प्रबंधन पर सुरक्षा व्यवस्था की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कड़े कदम उठाने की मांग की।
रायपुर। राजधानी स्थित एमिटी विश्वविद्यालय में छात्रा की आत्महत्या के बाद माहौल गरम हो गया है। घटना के विरोध में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को विश्वविद्यालय परिसर में घेराव किया और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।
एबीवीपी के प्रदेश अध्यक्ष अमित मनहरे ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियों के कारण छात्रा को अपनी जान गंवानी पड़ी। उन्होंने मांग रखी कि हॉस्टल डायरेक्टर बीपी पटनायक को तत्काल निलंबित किया जाए और सुरक्षा को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। साथ ही, संगठन ने फ्रेंच विषय को पाठ्यक्रम से हटाने की भी मांग की।
छात्र संगठन ने प्रबंधन को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि अगर निर्धारित समय में मांगें पूरी नहीं की गईं, तो आंदोलन और उग्र होगा। इस बीच, विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर पीयूषकांत पांडेय ने छात्रा की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिया।