
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री को देश का दुश्मन बताने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा– यह बयान निंदनीय, राष्ट्रहित के खिलाफ
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के विवादित बयान ने राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश का दुश्मन बताया, जिस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मोदी जी 140 करोड़ भारतीयों की आशाओं के संरक्षक हैं और उनका पूरा जीवन राष्ट्र की सेवा में समर्पित है।
रायपुर। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश का दुश्मन कहने वाले बयान पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कड़ा प्रतिकार किया है। मुख्यमंत्री ने इसे न केवल असंवेदनशील बल्कि राष्ट्रहित के विपरीत बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी देश के दुश्मन नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं के प्रहरी और राष्ट्र की प्रगति के प्रतीक हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मोदी जी “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ देशवासियों के कल्याण में जुटे हैं। उनका जीवन जनसेवा को समर्पित है और वे लगातार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के उत्थान के लिए योजनाएँ लागू कर रहे हैं। यही वजह है कि आज भारत वैश्विक मंच पर सम्मानित राष्ट्र के रूप में उभरा है।
उन्होंने कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि 2014 से पहले अर्थव्यवस्था ठहरी हुई थी और देश दसवें स्थान पर था। लेकिन मोदी जी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों में भारत चौथे स्थान तक पहुँच गया है। यह छलांग देशवासियों की एकता और विश्वास का परिणाम है।
साय ने कहा कि मोदी सरकार ने आत्मनिर्भर भारत अभियान, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और मेक इन इंडिया जैसी योजनाओं से देश की दिशा बदल दी है। आज भारत की आवाज़ अंतरराष्ट्रीय मंचों पर गूंज रही है और वैश्विक निर्णयों में उसकी भागीदारी बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खड़गे जी का बयान निराधार और राष्ट्र के गौरव को आहत करने वाला है। कांग्रेस आज मुद्दाविहीन हो चुकी है और केवल व्यक्तिगत आक्षेपों के सहारे जनता को गुमराह करना चाहती है। लेकिन सच्चाई यह है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की प्रगति स्वयं हर सवाल का जवाब दे रही है।