
मंत्रिमंडल विस्तार के बाद पहली बार 14 मंत्री होंगे शामिल, राहत पैकेज से लेकर शिक्षा–स्वास्थ्य और कृषि योजनाओं पर हो सकती है चर्चा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज दोपहर 3:30 बजे मंत्रालय (महानदी भवन) नवा रायपुर में कैबिनेट की अहम बैठक होने जा रही है। मंत्रिमंडल विस्तार के बाद यह साय कैबिनेट की पहली बैठक होगी, जिसमें सभी 14 मंत्री शामिल होंगे। बैठक से राहत-पुनर्वास पैकेज और विकास की नई योजनाओं को लेकर बड़े फैसलों की उम्मीद की जा रही है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में आज का दिन अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में नवगठित मंत्रिमंडल की पहली बैठक सोमवार दोपहर 3:30 बजे मंत्रालय (महानदी भवन) नवा रायपुर में होगी। इसमें सभी 14 मंत्री शामिल रहेंगे।
बताया जा रहा है कि बैठक का एजेंडा व्यापक है। बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए राहत और पुनर्वास पैकेज, विकास कार्यों की प्राथमिकताएं और आने वाले विधानसभा सत्र की रणनीतियों पर चर्चा होने की संभावना है। साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और औद्योगिक निवेश से जुड़ी योजनाओं पर भी मंत्रिमंडल मुहर लगा सकता है।
पिछली बैठक 19 अगस्त को सीमित मुद्दों पर हुई थी। लेकिन इस बार कैबिनेट विस्तार के बाद माहौल अलग है और नीतिगत फैसलों की उम्मीद ज्यादा है। खासकर बस्तर समेत कई जिलों में हाल ही में आई बाढ़ को देखते हुए आपदा प्रबंधन और पुनर्वास पर विशेष जोर दिए जाने की संभावना है।
यह बैठक साय सरकार की नीतियों की दिशा और गति तय करने में मील का पत्थर साबित हो सकती है।