Oplus_131072
दुर्ग पुलिस की बड़ी सफलता, 22 किलो नशे का जखीरा जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। मोहन नगर थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का पर्दाफाश करते हुए 22 किलो अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेज दिया है।
अभियान विश्वास के तहत शनिवार देर रात थाना मोहन नगर स्टाफ दुर्ग–धमधा रोड स्थित सूर्या होटल के पास संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की जांच कर रहा था। इस दौरान दो व्यक्ति बड़े पिट्ठू बैग लेकर दुर्ग की ओर आते दिखाई दिए। पूछताछ करने पर उन्होंने गोलमोल जवाब दिए और ट्रेन पकड़ने की बात कहकर भागने का प्रयास किया। संदेह गहराने पर पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया और बैगों की तलाशी लेने पर उसमें गांजा बरामद हुआ। मौके पर ही गवाहों के समक्ष देहाती नालशी तैयार की गई। तौल करने पर गांजा का वजन 22 किलो पाया गया, जिसे शीलबंद कर जब्त किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा से गांजा लेकर मुंबई जा रहे थे। इस अवैध धंधे में दुर्ग निवासी राहुल तिवारी की भी भूमिका सामने आई है। आरोपियों ने खुलासा किया कि राहुल तिवारी ने उन्हें ओडिशा के गांजा तस्करों से माल सस्ती दर पर उपलब्ध कराया और मुंबई तक सुरक्षित पहुंचाने की जिम्मेदारी ली। इसके एवज में उसे एक लाख रुपये का कमीशन ट्रांसफर किया जाना तय हुआ था।
पुलिस ने राहुल तिवारी को भी गिरफ्तार कर लिया है। मोहन नगर थाना में अपराध क्रमांक 468/2025 धारा 20 (ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
1. साजिद अली (45 वर्ष), निवासी शिवाजी नगर, गोवंडी, मुंबई
2. मोहम्मद शकील कुरैशी (40 वर्ष), निवासी शिवाजी नगर, गोवंडी, मुंबई
3. राहुल तिवारी (29 वर्ष), निवासी बैजनाथ पारा, दुर्ग