2024 से अब तक सोना 44% और चांदी 49% महंगी; दिल्ली-मुंबई समेत बड़े शहरों में दामों में तेजी
देश में सोने-चांदी की कीमतों में इस हफ्ते बड़ी तेजी देखने को मिली। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के अनुसार, 6 से 13 सितंबर के बीच सोना 3,369 रुपए महंगा होकर 1,09,707 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जबकि चांदी का भाव 4,838 रुपए उछलकर 1,28,008 रुपए प्रति किलो हो गया।
नई दिल्ली (ए)। सोना-चांदी के दाम इस हफ्ते फिर चढ़ गए हैं। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, पिछले शनिवार 6 सितंबर को जहां सोना 1,06,338 रुपए प्रति 10 ग्राम था, वहीं 13 सितंबर को यह बढ़कर 1,09,707 रुपए पर पहुंच गया। इस तरह सोना एक हफ्ते में 3,369 रुपए महंगा हो गया। इसी अवधि में चांदी की कीमत 1,23,170 रुपए प्रति किलो से बढ़कर 1,28,008 रुपए हो गई यानी 4,838 रुपए का इजाफा।
प्रमुख शहरों में सोने के भाव
- दिल्ली: 24 कैरेट ₹1,11,300, 22 कैरेट ₹1,02,050
- मुंबई: 24 कैरेट ₹1,11,170, 22 कैरेट ₹1,01,900
- कोलकाता: 24 कैरेट ₹1,11,170, 22 कैरेट ₹1,01,900
- चेन्नई: 24 कैरेट ₹1,11,710, 22 कैरेट ₹1,02,200
- भोपाल: 24 कैरेट ₹1,11,200, 22 कैरेट ₹1,01,950
सालभर का रुझान
इस साल जनवरी से अब तक सोने की कीमत 33,545 रुपए (44%) बढ़कर 76,162 से 1,09,707 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है। वहीं चांदी का भाव 41,991 रुपए (49%) चढ़कर 86,017 रुपए से 1,28,008 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गया।
दाम बढ़ने की 5 बड़ी वजहें
- वैश्विक अनिश्चितता – ट्रम्प के टैरिफ प्लान और व्यापार युद्ध की आशंका से निवेशक सोने को सुरक्षित मानकर खरीद रहे हैं।
- केंद्रीय बैंकों की भारी खरीद – चीन और रूस जैसे देश सोना जमा कर रहे हैं।
- युद्ध और भू-राजनीतिक तनाव – रूस-यूक्रेन युद्ध जारी रहने से अस्थिरता बनी हुई है।
- महंगाई और ब्याज दरें – मुद्रास्फीति और फेडरल रिजर्व की कम ब्याज दरों से सोना निवेशकों के लिए आकर्षक बना है।
- रुपए की गिरावट – डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर होने से सोने की कीमतें और बढ़ गई हैं।