94 बैच के आईएएस अधिकारी, एशियन डेवलपमेंट बैंक से लौटकर अब राज्य प्रशासन की कमान संभाली
छत्तीसगढ़ को नया मुख्य सचिव मिल गया है। 1994 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी श्री विकास शील ने सोमवार को मंत्रालय महानदी भवन में कार्यभार ग्रहण किया। वे राज्य के 13वें मुख्य सचिव बने हैं।
रायपुर। श्री विकास शील ने मंत्रालय, महानदी भवन में छत्तीसगढ़ के 13वें मुख्य सचिव के रूप में पदभार संभाला। इसके पहले वे एशियन डेवलपमेंट बैंक, मनीला में कार्यकारी निदेशक के पद पर सेवारत थे। मध्यप्रदेश कैडर से अपने प्रशासनिक जीवन की शुरुआत करने वाले श्री विकास शील को नवंबर 2000 में राज्य विभाजन के बाद छत्तीसगढ़ कैडर आवंटित हुआ। अपने लंबे प्रशासनिक करियर में उन्होंने कोरिया, बिलासपुर और रायपुर जिलों में कलेक्टर के रूप में सेवाएँ दीं। वे स्कूल शिक्षा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सामान्य प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग जैसे अहम विभागों में सचिव भी रहे। वर्ष 2007-08 में उन्होंने राजधानी रायपुर के कलेक्टर के रूप में कार्य किया।
साल 2018 से वे केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर रहे और स्वास्थ्य मंत्रालय तथा जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में अपनी सेवाएँ दीं। जल जीवन मिशन के मिशन डायरेक्टर के तौर पर उनके काम की विशेष सराहना हुई।
श्री विकास शील का जन्म 10 जून 1969 को हुआ। उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बी.ई. और एम.ई. की पढ़ाई करने के बाद अमेरिका के सिरैक्यूज़ यूनिवर्सिटी से लोक प्रशासन में मास्टर डिग्री, एक्जीक्यूटिव मास्टर डिग्री और स्वास्थ्य सेवा प्रबंधन एवं नीति में उन्नत अध्ययन का कोर्स पूरा किया। उनके समृद्ध प्रशासनिक अनुभव और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पृष्ठभूमि से राज्य सरकार को नई ऊर्जा और दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।