UIDAI ने बढ़ाई फीस, बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट रहेगा फ्री – नई दरें 1 अक्टूबर से लागू
आधार अपडेट कराने के लिए अब लोगों को जेब ढीली करनी होगी। UIDAI ने आधार से जुड़ी सेवाओं की फीस 25 रुपए तक बढ़ा दी है। नाम, पता या दस्तावेज बदलवाने के लिए अब 50 की जगह 75 रुपए देने होंगे, वहीं बायोमेट्रिक अपडेट का शुल्क 100 से बढ़ाकर 125 रुपए कर दिया गया है। हालांकि बच्चों का आधार अपडेट मुफ्त रहेगा।
नई दिल्ली (ए)। यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) ने आधार अपडेट की सेवाओं की फीस में बदलाव किया है। नई दरें 1 अक्टूबर 2025 से लागू हो गई हैं और ये 30 सितंबर 2028 तक प्रभावी रहेंगी। इसके बाद दोबारा समीक्षा की जाएगी।
नई व्यवस्था के अनुसार नया आधार कार्ड बनवाना सभी के लिए मुफ्त रहेगा। लेकिन नाम, पता, जन्मतिथि, जेंडर या अन्य दस्तावेज बदलवाने के लिए पहले जहां 50 रुपए लगते थे, अब 75 रुपए देने होंगे। इसी तरह बायोमेट्रिक अपडेट के लिए शुल्क 100 रुपए से बढ़कर 125 रुपए कर दिया गया है।
बच्चों को राहत दी गई है। 5 से 7 वर्ष और 15 से 17 वर्ष के बच्चों के लिए बायोमेट्रिक अपडेट मुफ्त रहेगा। वहीं 7 से 15 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए भी यह सुविधा 30 सितंबर 2026 तक फ्री है।
UIDAI ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति बायोमेट्रिक और डेमोग्राफिक अपडेट एक साथ कराता है तो अतिरिक्त शुल्क नहीं लगेगा। लेकिन सिर्फ डेमोग्राफिक अपडेट के लिए 75 रुपए देने होंगे।
myAadhaar पोर्टल के जरिए पहचान और पते से जुड़े दस्तावेज अपडेट करना 14 जून 2026 तक मुफ्त रहेगा। लेकिन यदि यही प्रक्रिया एनरोलमेंट सेंटर पर कराई जाती है तो 75 रुपए का शुल्क लगेगा। लंबी अवधि की योजना के अनुसार 1 अक्टूबर 2028 से 75 रुपए वाली सेवाओं का शुल्क 90 रुपए और 125 रुपए वाली सेवाओं का शुल्क 150 रुपए हो जाएगा।