दौरे से पहले बीजापुर में 1 करोड़ इनामी 103 नक्सलियों ने किया सरेंडर, शाह बोले – 2026 तक देश से खत्म होगा नक्सलवाद
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शुक्रवार रात रायपुर पहुंचेंगे और शनिवार को जगदलपुर में आयोजित विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा में शामिल होंगे। शाह के दौरे से ठीक पहले बीजापुर जिले में 103 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है, जिनमें से 49 पर 1 करोड़ 6 लाख 30 हजार रुपए का इनाम घोषित था। शाह ने पहले ही स्पष्ट कहा था कि नक्सली यदि आत्मसमर्पण करेंगे तो उनका स्वागत होगा, अन्यथा सुरक्षा बल गोली का जवाब गोली से देंगे।
रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। शुक्रवार देर शाम वे रायपुर पहुंचेंगे और शनिवार (4 अक्टूबर) को जगदलपुर में आयोजित बस्तर दशहरा में शिरकत करेंगे। शाह के स्वागत और दौरे की तैयारियां प्रदेश बीजेपी ने पूरी कर ली हैं।
इधर शाह के दौरे से ठीक पहले बस्तर में नक्सल मोर्चे पर बड़ी सफलता मिली है। बीजापुर जिले में 103 नक्सलियों ने हथियार डालकर आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें से 49 नक्सलियों पर कुल 1 करोड़ 6 लाख 30 हजार रुपए का इनाम घोषित था। आत्मसमर्पण करने वालों को सरकार की पुनर्वास नीति के तहत 50-50 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि दी गई है।
बीजापुर में इस साल नक्सलियों पर लगातार दबाव बना है। जनवरी 2025 से अब तक यहां 421 नक्सली गिरफ्तार हुए, 410 ने आत्मसमर्पण किया और 137 माओवादी मुठभेड़ में मारे गए। वहीं प्रदेशभर में अब तक 1890 नक्सली सरेंडर, 1100 से ज्यादा गिरफ्तार और 282 मारे जा चुके हैं।
गृहमंत्री शाह पहले भी अगस्त और दिसंबर 2024 में छत्तीसगढ़ आ चुके हैं। तब उन्होंने मंच से नक्सलियों को चेतावनी देते हुए कहा था कि “हथियार डाल दो, रेड कार्पेट से स्वागत होगा, वरना गोली का जवाब गोली से मिलेगा।”
शाह ने नक्सलवाद के उन्मूलन की स्पष्ट डेडलाइन भी तय की है। उनका कहना है कि 31 मार्च 2026 तक पूरे देश से नक्सलवाद का सफाया कर दिया जाएगा। बस्तर में चल रहे ऑपरेशन और लगातार हो रहे आत्मसमर्पण इसी दिशा में बड़ी उपलब्धि माने जा रहे हैं।