Oplus_131072
अक्टूबर में भी नहीं थमी बारिश; दिल्ली, यूपी, हिमाचल, बंगाल और गुजरात में अलर्ट जारी, ठंड बढ़ने के आसार
मानसून के विदा होने का वक्त आ गया है, लेकिन बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। अक्टूबर की शुरुआत के बावजूद देश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में उत्तर भारत, पूर्वी राज्यों और कुछ दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश, तेज़ हवाओं और बर्फबारी की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस बार देर से विदा हो रहा मानसून आगामी सर्दियों को भी अधिक कड़ाके का बना सकता है।
नई दिल्ली।ए। भारत में इस साल मानसून ने उम्मीद से कहीं ज्यादा असर दिखाया है। अक्टूबर की दस्तक के बाद भी देश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे आमजन परेशान हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून अब अपने अंतिम चरण में है और अगले कुछ हफ्तों में धीरे-धीरे विदा होगा। हालांकि, इसके असर से आने वाले दिनों में ठंड का प्रकोप ज्यादा रहेगा।
मौसम विभाग ने उत्तर भारत के कई राज्यों — पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश — में अगले 24 घंटों के भीतर तेज़ बारिश और आंधी की संभावना जताई है। पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ बर्फबारी का भी पूर्वानुमान है।
दिल्ली-एनसीआर में मौसम का बड़ा बदलाव
दिल्ली और आसपास के इलाकों में उमस और गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। आईएमडी ने 6 और 7 अक्टूबर को राजधानी में अंधी-तूफान और तेज बारिश की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। 5 अक्टूबर की शाम से ही बारिश शुरू हो सकती है, जिसके बाद 8 से 10 अक्टूबर तक तापमान में गिरावट आएगी।
उत्तर प्रदेश में ठंड ने दी दस्तक
लगातार बारिश से यूपी के कई जिलों — वाराणसी, गाजीपुर, भदोही, चंदौली आदि — में तापमान 5 डिग्री तक नीचे चला गया है। जलभराव की स्थिति से लोगों की दिनचर्या प्रभावित है। आईएमडी ने 32 से अधिक जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जहाँ तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की संभावना है।
पूर्वोत्तर में भी बारिश का प्रकोप
निम्न दबाव क्षेत्र के कारण पश्चिम बंगाल, झारखंड, दक्षिण बिहार और उत्तरी छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का असर दिख सकता है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।
हरियाणा और हिमाचल में अलर्ट जारी
हरियाणा के रोहतक, फरीदाबाद, गुरुग्राम और झज्जर में भारी वर्षा दर्ज की गई है। राज्य में तापमान में गिरावट के साथ येलो अलर्ट लागू है। वहीं हिमाचल प्रदेश में रविवार को बारिश और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट तथा सोमवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के संकेत भी मिल रहे हैं।
गुजरात में चक्रवाती असर से बारिश के आसार
आईएमडी ने बताया कि चक्रवात ‘शक्ति’ के असर से गुजरात के छह जिलों — द्वारका, जामनगर, पोरबंदर, सूरत, नवसारी और वलसाड — में 8 अक्टूबर तक भारी बारिश हो सकती है। समुद्र में ऊँची लहरों की चेतावनी के चलते मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।