मुख्यमंत्री ने 233 चयनित प्रयोगशाला तकनीशियनों को सौंपे नियुक्ति पत्र, बोले — 20 महीनों में 10 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरियां
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रियाओं के माध्यम से प्रदेश के युवाओं के सपनों को पंख मिले हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने विगत 20 महीनों में विभिन्न विभागों में 10 हजार से अधिक नियुक्तियां दी हैं। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सभागार में उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत चयनित 233 प्रयोगशाला तकनीशियनों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर में आयोजित एक गरिमामय समारोह में उच्च शिक्षा विभाग के 233 नवचयनित प्रयोगशाला तकनीशियनों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की पारदर्शी और जवाबदेह भर्ती प्रणाली से युवाओं का भविष्य सुरक्षित हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते 20 महीनों में पुलिस, विद्युत, सहकारिता, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और आदिम जाति विकास सहित कई विभागों में 10,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में उच्च शिक्षा विभाग में 700 सहायक प्राध्यापकों और स्कूल शिक्षा विभाग में 5000 शिक्षकों की भर्ती की जाएगी।
उन्होंने कहा, “इतनी बड़ी संख्या में एक साथ नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाना छत्तीसगढ़ के रोजगार इतिहास में एक ऐतिहासिक क्षण है। यह कार्यक्रम विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।” मुख्यमंत्री ने नव नियुक्त तकनीशियनों से ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री साय ने यह भी बताया कि राज्य सरकार की नई औद्योगिक नीति के अंतर्गत अब तक लगभग ₹7 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से कई उद्योगों की स्थापना प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इससे बड़े पैमाने पर प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार अवसर सृजित होंगे।
कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बीते 20 महीनों में प्रशासनिक पारदर्शिता और कार्यकुशलता का नया अध्याय लिखा गया है। उन्होंने कहा कि मात्र तीन माह में बिना किसी विवाद के तीन चरणों में भर्ती प्रक्रिया पूरी करना विभाग के लिए बड़ी उपलब्धि है। इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री खुशवंत साहेब, कुलपति डॉ. सच्चिदानंद शुक्ला, सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में नवनियुक्त प्रयोगशाला तकनीशियन उपस्थित थे।