मौसम विभाग का अनुमान— उत्तर और मध्य हिस्सों से अगले 2-3 दिन में शुरू होगी मानसून की वापसी; इस बार सामान्य से 10 दिन देर से लौटेगा मानसून
छत्तीसगढ़ में अब मानसून विदाई की तैयारी में है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों में राज्य के उत्तर और मध्य हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी शुरू हो सकती है। वहीं बस्तर संभाग में अगले 48 घंटे तक गरज-चमक के साथ हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं। राजधानी रायपुर में मौसम में हल्की ठंडक का एहसास होने लगा है।
रायपुर। प्रदेश में मानसून अब अपने अंतिम पड़ाव पर है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ से अगले 2 से 3 दिनों में मानसून की वापसी की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इस बीच दक्षिणी क्षेत्र (बस्तर संभाग) में अगले दो दिन तक गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बिलासपुर में शनिवार दोपहर मौसम अचानक बदला और तेज वर्षा हुई। वहीं अंतागढ़ में 90 मिमी तक बारिश रिकॉर्ड की गई, जो प्रदेश में सर्वाधिक रही। राजधानी रायपुर में मौसम ठंडा हुआ है, और रविवार को भी हल्की बारिश हो सकती है।
तापमान में गिरावट, बारिश का असर जारी
शनिवार को अधिकतम तापमान 32.0°C (जगदलपुर) और न्यूनतम तापमान 18.0°C (पेंड्रारोड) दर्ज किया गया। तापमान में यह गिरावट मौसम के बदलते मिजाज की ओर इशारा कर रही है। हालांकि, रविवार के लिए किसी जिले में अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
अक्टूबर में 109% ज्यादा बारिश, मानसून देरी से लौटेगा
इस साल अक्टूबर में अब तक सामान्य से 109% अधिक वर्षा दर्ज की गई है। सामान्य तौर पर 8 अक्टूबर तक राज्य में औसतन 28.3 मिमी बारिश होती है और मानसून लौट जाता है, लेकिन इस बार 59.1 मिमी से अधिक वर्षा हो चुकी है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, देश के कई हिस्सों से मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है, लेकिन छत्तीसगढ़ में यह सामान्य समय से करीब 10 दिन देरी से लौटेगा। आमतौर पर 5 अक्टूबर के आसपास सरगुजा की तरफ से मानसून विदा होता है, पर इस बार इसके 15 अक्टूबर के बाद लौटने की संभावना है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में हवा का रुख बदलेगा और उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं सक्रिय होंगी। इससे रायपुर और आसपास के जिलों में हल्की ठंडक और सुबह-शाम की ठिठुरन बढ़ने लगेगी।