ऑटो, बैंकिंग और रियल्टी शेयरों में खरीदारी; ग्लोबल संकेत कमजोर, लेंसकार्ट का IPO खुला, 7,278 करोड़ जुटाने का लक्ष्य
हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन घरेलू शेयर बाजार में शुरुआत में तेजी के बाद भारी गिरावट देखी गई। ऊपरी स्तर से 600 अंकों की फिसलन के साथ सेंसेक्स 300 अंक टूटकर 84,100 पर आ गया, जबकि निफ्टी 100 अंक गिरकर 25,800 पर कारोबार कर रहा है। ग्लोबल मार्केट से मिले कमजोर संकेतों, एफआईआई की बिकवाली और टेक-फार्मा शेयरों में गिरावट का असर बाजार पर दिखा।
मुंबई (ए)। सप्ताह के अंतिम ट्रेडिंग सेशन में बाजार ने सुबह की तेजी खोते हुए अचानक कमजोरी दिखाई। शुरुआती कारोबार में 300 अंक चढ़ने वाला सेंसेक्स गिरावट में चला गया और 84,100 के स्तर पर पहुंच गया। निफ्टी भी 100 अंक टूटकर 25,800 पर कारोबार कर रहा है।
सेंसेक्स के 30 में से 17 शेयरों में तेजी दिखी। मारुति, TCS और भेल में खरीदारी देखने को मिली, वहीं NTPC, टाटा स्टील और कोटक बैंक दबाव में रहे। निफ्टी में 50 में से 29 शेयर बढ़त में हैं। सेक्टोरल इंडेक्स में ऑटो, बैंकिंग और रियल्टी में तेजी बनी हुई है, जबकि मीडिया, मेटल और फार्मा में गिरावट हावी रही।
ग्लोबल मार्केट की चाल
एशियाई बाजारों में मिश्रित रुख रहा। जापान का निक्केई 1.21% चढ़ा, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग 0.80% गिरा। चीन के बाजारों में भी कमजोरी दिखी। वहीं, अमेरिकी बाजारों में पिछला सत्र लाल निशान पर बंद हुआ। नैस्डैक 1.57% और S&P 500 लगभग 1% टूटा।
लेंसकार्ट का IPO आज से ओपन
आईवियर कंपनी लेंसकार्ट का IPO आज से खुला है, जो 4 नवंबर तक सब्सक्रिप्शन के लिए उपलब्ध रहेगा। प्राइस बैंड ₹382-₹402 प्रति शेयर तय किया गया है। न्यूनतम 37 शेयरों के एक लॉट के लिए निवेशक को ₹14,874 लगाने होंगे। कंपनी इस इश्यू से करीब ₹7,278 करोड़ जुटाएगी। लिस्टिंग 10 नवंबर को होगी।
एफआईआई-डीआईआई डेटा
30 अक्टूबर को विदेशी निवेशकों (FIIs) ने 3,077 करोड़ रुपए के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने 2,469 करोड़ रुपए की खरीदारी की। अक्टूबर में अब तक FIIs ने ₹4,422 करोड़ की बिकवाली की है, जबकि DIIs ने ₹45,725 करोड़ की नेट खरीदारी की है।
गुरुवार को सेंसेक्स 593 अंक टूटकर 84,404 पर बंद हुआ था। निफ्टी 176 अंक की गिरावट के साथ 25,878 पर बंद हुआ था। IT, FMCG, फार्मा और मेटल शेयरों में सबसे ज्यादा दबाव देखा गया था।