राज्य स्तरीय समारोह में होंगे शामिल, जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद
छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर 22 दिसंबर को जांजगीर में राज्य स्तरीय भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा विशेष रूप से शामिल होंगे।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में साय सरकार के दो साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 22 दिसंबर को जांजगीर में भव्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा प्रदेश दौरे पर रहेंगे और कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसे लेकर भाजपा संगठन और जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
भाजपा सूत्रों के अनुसार, जेपी नड्डा 22 दिसंबर को दोपहर 12.15 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे हेलिकॉप्टर के जरिए सीधे जांजगीर रवाना होंगे। जांजगीर पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।
राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा के वरिष्ठ नेता, कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान सरकार की अब तक की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
समारोह स्थल पर विकास कार्यों, सुशासन और जनहित योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसके साथ ही लाभार्थी सम्मेलन और सम्मान कार्यक्रम का आयोजन प्रस्तावित है। जेपी नड्डा लाभार्थियों से संवाद करेंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठनात्मक मजबूती और आगामी राजनीतिक दिशा पर संदेश देंगे।
कार्यक्रम को लेकर जांजगीर-चांपा जिले में उत्साह का माहौल है। वहीं, वीआईपी दौरे को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
कार्यक्रम के समापन के बाद जेपी नड्डा शाम करीब 4.30 बजे जांजगीर से भोपाल के लिए रवाना होंगे। भाजपा के लिए यह आयोजन न केवल सरकार की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का मंच होगा, बल्कि संगठन को और सशक्त करने की दिशा में भी अहम माना जा रहा है।