चेतना विकास, मूल्य शिक्षा और परिवार आधारित स्वराज्य पर दो दिवसीय विमर्श, संवाद और सांस्कृतिक आयोजन
अछोटी स्थित अभ्युदय संस्थान अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आगामी 10 एवं 11 जनवरी 2026 को रजत जयंती उत्सव का आयोजन करने जा रहा है। दो दिवसीय यह आयोजन चेतना विकास, मूल्य शिक्षा तथा परिवार मूलक स्वराज्य व्यवस्था जैसे विषयों पर केंद्रित रहेगा, जिसमें विचार, संवाद और उत्सव का समन्वित स्वरूप देखने को मिलेगा।
दुर्ग। अभ्युदय संस्थान अछोटी द्वारा 25 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पूर्ण करने के अवसर पर रजत जयंती उत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। वर्ष 2000 में आरंभ हुई इस संस्थान की यात्रा समाज में मानवीय मूल्यों, संस्कारों और जागरूकता के विस्तार की दिशा में एक सशक्त प्रयास रही है।
आयोजन के दौरान चेतना विकास, मूल्य आधारित शिक्षा और परिवार केंद्रित स्वराज्य व्यवस्था पर गहन विमर्श किया जाएगा। साथ ही संवाद सत्रों के माध्यम से सामाजिक, शैक्षिक और सांस्कृतिक विषयों पर मंथन होगा। उत्सव के रूप में विभिन्न रचनात्मक एवं प्रेरक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
यह दो दिवसीय कार्यक्रम 10 एवं 11 जनवरी 2026 को प्रातः 9 बजे से रात्रि 9 बजे तक आयोजित होगा। आयोजन स्थल अभ्युदय संस्थान परिसर एवं अभिभावक विद्यालय परिसर, अछोटी निर्धारित किया गया है।
संस्थान से जुड़े कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों, अभिभावकों एवं समाज के जागरूक नागरिकों की उपस्थिति में यह आयोजन एक वैचारिक और सांस्कृतिक संगम के रूप में संपन्न होगा। कार्यक्रम के आयोजन की सप्रेम प्रतीक्षा मानवीय शिक्षा शोध संस्थान एवं अभ्युदय संस्थान अछोटी, दुर्ग (छत्तीसगढ़) द्वारा की जा रही है।