निरामय कैंसर फाउंडेशन ने रायपुर एम्स में शुरू किया निशुल्क जांच प्रोग्राम और पड़ोसी राज्यों के बच्चों को भी मिल रहा है मुफ्त इलाज का लाभ
रायपुर ( ए)। विश्व कैंसर दिवस के मौके पर छत्तीसगढ़ से राहत भरी खबर सामने आई है। राजधानी रायपुर के एम्स अस्पताल में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिए निशुल्क कैंसर जांच कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। निरामय कैंसर फाउंडेशन की इस पहल के तहत अब तक 35 बच्चों की महंगी जांचें पूरी तरह मुफ्त में की जा चुकी हैं। इस अभियान का लाभ न केवल छत्तीसगढ़ के बस्तर और सरगुजा जैसे दूरस्थ इलाकों के बच्चों को मिल रहा है, बल्कि पड़ोसी राज्य ओडिशा और तेलंगाना के मासूम भी यहाँ मुफ्त जांच करा रहे हैं।
जांच के भारी खर्च से परिवारों को मिलेगी मुक्ति
आमतौर पर कैंसर के इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड से मदद मिल जाती है, लेकिन बीमारी की शुरुआती जांच आज भी गरीब परिवारों के लिए बड़ी चुनौती है। फाउंडेशन की संचालिका सुदेशना रुहान के मुताबिक, कैंसर की शुरुआती जांचों में 7 हजार से लेकर 25 हजार रुपये तक का खर्च आता है, जिसमें ब्लड टेस्ट, बायोप्सी और पेट स्कैन जैसे महंगे टेस्ट शामिल हैं। कई बार ये टेस्ट एम्स में उपलब्ध नहीं होने पर बाहर की प्राइवेट लैब से कराने पड़ते हैं, जिसका पूरा खर्च अब फाउंडेशन उठा रहा है।
सारदा एनर्जी के सहयोग से चल रहा अभियान
इस नेक काम में निरामय कैंसर फाउंडेशन को सारदा एनर्जी लिमिटेड का सहयोग मिल रहा है। संस्था का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि छत्तीसगढ़ का कोई भी बच्चा सिर्फ इसलिए इलाज से वंचित न रह जाए क्योंकि उसका परिवार महंगी जांच का खर्च नहीं उठा सकता। पिछले 8 हफ्तों के भीतर संस्था ने कई गंभीर मामलों की पहचान कर उन्हें सही समय पर इलाज दिलाने में मदद की है।
समाज और औद्योगिक समूहों से सहयोग की अपील
फाउंडेशन ने बताया कि छत्तीसगढ़ में कैंसर को लेकर जागरूकता की आज भी काफी कमी है। दिल्ली, महाराष्ट्र और तमिलनाडु जैसे राज्यों के मुकाबले छत्तीसगढ़ में सामाजिक फंडिंग और सहभागिता अभी कम है। इसी को ध्यान में रखते हुए संस्था ने प्रदेश के औद्योगिक समूहों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस मुहिम का हिस्सा बनें, ताकि कैंसर मुक्त छत्तीसगढ़ के सपने को साकार किया जा सके।
कैंसर रोकथाम की दिशा में तीन साल से सक्रिय
निरामय कैंसर फाउंडेशन पिछले तीन वर्षों से लगातार प्रदेश में कैंसर जागरूकता और रोकथाम के लिए काम कर रहा है। संस्था न केवल बच्चों की मुफ्त जांच करा रही है, बल्कि सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता और कैंसर मरीजों के लिए बेहतर पोषण सुनिश्चित करने जैसे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम भी चला रही है।