4 राज्यों में वांटेड और जेल-ब्रेक का आरोपी लोकेश श्रीवास गिरफ्तार; राजधानी की 3 दुकानों से उड़ाए थे 7 लाख
रायपुर (ए)। राजधानी रायपुर की पुलिस ने एक ऐसे अंतरराज्यीय शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जिसकी आपराधिक दास्तां किसी फिल्मी पटकथा जैसी है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और सिविल लाइन पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लोकेश श्रीवास उर्फ गोलू को धर दबोचा है। आरोपी ने शहर की तीन बड़ी दुकानों से करीब 7 लाख रुपये कैश चोरी किए थे और वारदात के बाद नागपुर व दिल्ली फरार हो गया था। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने बेहद हैरान करने वाला बयान देते हुए पुलिस को बताया कि वह “सोने की कैंची से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाल काटना चाहता था।”
एक ही रात में तीन बड़ी दुकानों को बनाया निशाना
घटना 31 जनवरी और 1 फरवरी की दरम्यानी रात की है, जब आरोपी ने पंडरी स्थित ‘लब-डब’ कपड़ा दुकान का ताला तोड़कर 2.75 लाख रुपये पार कर दिए थे। इसी रात उसने पास की ‘नोवा फर्नीचर’ से 1.40 लाख और ‘डिजाइनर सेनिटेशन’ से 2.85 लाख रुपये कैश चोरी किए। पीड़ित शिव कुमार वर्मा की रिपोर्ट पर पुलिस ने जब घटनास्थलों के CCTV फुटेज खंगाले और तकनीकी विश्लेषण किया, तो आरोपी की पहचान लोकेश श्रीवास के रूप में हुई। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रायपुर लौटते ही गिरफ्तार कर लिया, जिसके पास से फिलहाल 79,500 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
देशभर में फैला अपराध का जाल और जेल-ब्रेक का इतिहास
लोकेश श्रीवास का आपराधिक रिकॉर्ड बेहद चौंकाने वाला है क्योंकि वह दिल्ली, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ के कई जिलों में 40 करोड़ रुपये से अधिक की चोरियां कर चुका है। पुलिस के अनुसार, वह अब तक दो दर्जन से ज्यादा बड़ी वारदातों को अंजाम दे चुका है और रायगढ़ जेल तोड़कर भागने का भी आरोपी है। कवर्धा के रहने वाले लोकेश ने अपराध की शुरुआत साल 2011 में भिलाई की एक डेयरी में चोरी से की थी और बाद में वह बड़े ज्वेलरी शोरूम को निशाना बनाने लगा। फिलहाल पुलिस उससे अन्य वारदातों के संबंध में कड़ी पूछताछ कर रही है।