ब्लू टिक वाली ऑफिशियल आईडी से मिलेगी PDF; 30 लाख उपभोक्ताओं को घर बैठे मिलेगी डिजिटल सुविधा
रायपुर (ए)। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) ने प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक नई डिजिटल सेवा का आगाज किया है। अब उपभोक्ताओं को हर महीने उनके बिजली बिल के लिए इंतजार नहीं करना होगा, बल्कि मीटर रीडिंग होते ही बिल सीधे उनके व्हाट्सएप पर पीडीएफ (PDF) फॉर्मेट में पहुंच जाएगा। इस सुविधा के जरिए न केवल बिल देखा जा सकेगा, बल्कि मैसेज में दिए गए लिंक पर एक क्लिक करते ही भुगतान भी किया जा सकेगा। उपभोक्ता जरूरत पड़ने पर इस पीडीएफ बिल को डाउनलोड कर प्रिंट भी निकाल सकेंगे।
सुरक्षा का खास ख्याल: ऑफिशियल ब्लू टिक आईडी से आएगा संदेश
डिजिटल दौर में बढ़ते फ्रॉड और फर्जी मैसेज से उपभोक्ताओं को बचाने के लिए कंपनी ने विशेष इंतजाम किए हैं। बिजली बिल का व्हाट्सएप संदेश केवल CSPDCL की आधिकारिक और वेरीफाइड आईडी से भेजा जाएगा, जिस पर ‘ब्लू टिक’ लगा होगा। इसके साथ ही मैसेज में आधिकारिक मोबाइल नंबर 942555-1912 दर्ज रहेगा। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ता केवल इसी वेरीफाइड आईडी पर भरोसा करें ताकि किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी से बचा जा सके।
प्रदेश के 30 लाख उपभोक्ताओं को मिलेगा सीधा लाभ
वर्तमान में छत्तीसगढ़ में कुल 65 लाख बिजली उपभोक्ता हैं, जिनमें से करीब 40 लाख उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर बिजली कंपनी के पास रजिस्टर्ड हैं। सर्वे के अनुसार, इनमें से लगभग 30 लाख उपभोक्ता सक्रिय रूप से व्हाट्सएप का इस्तेमाल करते हैं। कंपनी इन सभी उपभोक्ताओं तक चरणबद्ध तरीके से व्हाट्सएप के माध्यम से बिल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर रही है। यह सुविधा हिंदी, छत्तीसगढ़ी और अंग्रेजी तीनों भाषाओं में उपलब्ध होगी, जिसे उपभोक्ता ‘मोर बिजली ऐप’ के जरिए अपनी पसंद के अनुसार चुन सकते हैं।
कैसे कराएं अपना नंबर रजिस्टर्ड और उठाएं लाभ
जिन उपभोक्ताओं का व्हाट्सएप नंबर अभी तक कंपनी के पास दर्ज नहीं है, वे बेहद आसानी से इस सेवा से जुड़ सकते हैं। इसके लिए उपभोक्ता को टोल फ्री नंबर 1912 पर कॉल करना होगा या ‘मोर बिजली ऐप’ के माध्यम से अपना नंबर अपडेट करना होगा। रजिस्ट्रेशन के लिए 10 अंकों का बीपी (BP) नंबर और अंतिम बिल भुगतान की जानकारी देनी होगी। प्रबंध निदेशक भीमसिंह कंवर ने प्रदेशवासियों से इस सुरक्षित और त्वरित डिजिटल सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।