झोले में भरकर कर रहा था खुलेआम बिक्री, पुलिस वाहन देखते ही भागने की कोशिश
दुर्ग जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तितुरडीह क्षेत्र से एक गांजा तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 2 किलो 30 ग्राम गांजा और नकदी बरामद की गई है। पुलिस अब इस तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की तलाश में जुट गई है।
दुर्ग-भिलाई। मोहन नगर थाना पुलिस ने तितुरडीह इलाके में रविवार सुबह मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गांजा बेचते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी झोले में गांजा रखकर ग्राहकों को सप्लाई कर रहा था। पुलिस ने मौके से लगभग 2 किलो 30 ग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी बाजार कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तितुरडीह क्षेत्र में पुरानी शराब दुकान के पास एक व्यक्ति संदिग्ध तरीके से गांजा बेच रहा है। सूचना मिलते ही मोहन नगर पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी।
सरकारी वाहन को आते देख आरोपी मौके से फरार होने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गोपाल नाग (38 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक-19 तितुरडीह, मस्जिद के पास बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के झोले से दो पैकेट बरामद किए गए, जो पारदर्शी सेलो टेप से लिपटे हुए थे। जांच करने पर दोनों पैकेटों में गांजा पाया गया। इसके अलावा आरोपी की पेंट की जेब से 2200 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर गांजे का वजन कराया, जो कुल 2 किलो 30 ग्राम निकला। मादक पदार्थ को सीलबंद कर जब्त कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
मोहन नगर पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में आरोपी के पीछे एक संगठित नेटवर्क होने की आशंका है। गांजा कहां से लाया गया और किन-किन लोगों को सप्लाई किया जा रहा था, इसकी जानकारी जुटाने के लिए पुलिस आगे की जांच में लगी हुई है।