सह प्रांत प्रचारक नारायण नामदेव बोले – भारत के प्रति समर्पण ही संघ का मूल उद्देश्य
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में भिलाई नगर में आयोजित युवा सम्मेलन में युवाओं को राष्ट्र निर्माण में भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित संघ के छत्तीसगढ़ सह प्रांत प्रचारक नारायण नामदेव ने युवाओं को समाज और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।
भिलाई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर भिलाई नगर द्वारा स्मृतिनगर स्थित विवेकानंद भवन में युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवक-युवतियों ने भाग लेकर संघ की विचारधारा और कार्यपद्धति को करीब से समझा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संघ के छत्तीसगढ़ सह प्रांत प्रचारक नारायण नामदेव ने कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि हमें भारत की पावन भूमि पर जन्म लेने और राष्ट्र सेवा का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने युवाओं से समाज को सशक्त बनाने के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि संघ का उद्देश्य किसी से विरोध रखना नहीं, बल्कि सभी में राष्ट्र के प्रति समर्पण और सेवा भाव जागृत करना है।

सम्मेलन के दौरान युवाओं ने सुबह शाखा गतिविधियों में भाग लिया, जिसके पश्चात विचार चर्चा, सामूहिक भोजन और खेलकूद कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन गतिविधियों में युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। अपने उद्बोधन में श्री नामदेव ने संघ की कार्यशैली को सरल और सहज तरीके से समझाया तथा युवाओं द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर भी दिए।
कार्यक्रम में संघ के दुर्ग विभाग के सह कार्यवाह दिलेश्वर उमरे भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सम्मेलन का उद्देश्य युवाओं को संगठन से जोड़ते हुए उनमें राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।