- लैंडमार्क होटल के पास मुख्य मार्ग पर हुआ विवाद
- महिला मित्र के साथ कार में थे डॉक्टर
- राहगीरों की भीड़ जुटी, किसी पक्ष ने नहीं दी थाने में शिकायत
- घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
*रीवा शहर में बुधवार रात उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई जब एक प्रतिष्ठित हृदय रोग विशेषज्ञ को उनकी पत्नी ने कथित रूप से एक अन्य महिला के साथ कार में देख लिया। बीच सड़क हुए इस विवाद ने देखते ही देखते भीड़ जमा कर दी और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। फिलहाल मामले में किसी भी पक्ष ने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है।*
*रीवा (ए)।* शहर के समान थाना क्षेत्र अंतर्गत लैंडमार्क होटल के पास बुधवार देर रात एक चर्चित चिकित्सक से जुड़ा विवाद सार्वजनिक हो गया। जानकारी के अनुसार, रीवा मेडिकल कॉलेज एवं सुपर स्पेशलिटी अस्पताल से संबद्ध एक हृदय रोग विशेषज्ञ अपनी महिला परिचित के साथ कार से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान उनकी पत्नी, जो स्वयं भी चिकित्सक बताई जाती हैं, वहां पहुंच गईं।
बताया जा रहा है कि पत्नी ने कार को बीच सड़क रुकवाया और दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और कथित तौर पर धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। मुख्य मार्ग पर अचानक हुए इस घटनाक्रम से यातायात भी कुछ देर प्रभावित रहा।
घटना स्थल पर बड़ी संख्या में राहगीर और स्थानीय लोग जमा हो गए। शुरुआत में कुछ लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन पारिवारिक विवाद की जानकारी मिलने पर अधिकांश लोग पीछे हट गए। इस दौरान मौजूद कुछ लोगों ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
हालांकि इस पूरे घटनाक्रम के बावजूद अब तक किसी भी पक्ष द्वारा समान थाना पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि औपचारिक शिकायत मिलने पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। शहर के एक चर्चित डॉक्टर से जुड़ा मामला होने के कारण यह घटना पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।