बाइपास सर्जरी के बाद घर लौट रहे थे पति-पत्नी, बेटे ने पुणे से ऑनलाइन कैब बुक की थी; ओवरटेक के दौरान हुआ भीषण हादसा
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई। विधानसभा थाना क्षेत्र के नरदहा के पास धान से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर कार पर पलट गया। कार में सवार पति-पत्नी और कैब चालक की मौके पर और इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों की पहचान बलौदाबाजार निवासी 66 वर्षीय राजकुमार शर्मा और उनकी पत्नी पद्मा शर्मा के रूप में हुई है। कैब चालक का नाम प्रवीण बताया गया है।
सर्जरी के बाद लौट रहे थे घर
जानकारी के अनुसार, राजकुमार शर्मा को 10 फरवरी से रायपुर के एमएमआई अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी सफल बाइपास सर्जरी हुई थी। छुट्टी मिलने के बाद वे पत्नी के साथ तिल्दा स्थित अपने घर लौट रहे थे। बड़े बेटे मनोज शर्मा, जो पुणे की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, ने ऑनलाइन कैब बुक की थी।
अस्पताल से निकलने के कुछ ही देर बाद, पुरानी विधानसभा के पास नरदहा इलाके में यह हादसा हो गया।
ओवरटेक के दौरान बिगड़ा संतुलन
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार डीपीएस स्कूल के सामने स्पीड ब्रेकर के कारण धीमी हो गई थी। उसी समय पीछे से आ रहा धान से भरा ट्रक कार को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। ब्रेकर पर झटका लगने से ट्रक का लॉकिंग हुक (पट्टा) टूट गया और ट्रक असंतुलित होकर बाईं ओर चल रही कार पर पलट गया।
ट्रक के साथ धान की बोरियां भी कार पर गिर पड़ीं, जिससे कार पूरी तरह दब गई। कैब चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दंपती गंभीर रूप से घायल होकर अंदर फंसे रहे।
रेस्क्यू के बाद भी नहीं बची जान
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे दंपती को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज शुरू होने के करीब आधे घंटे के भीतर दोनों ने दम तोड़ दिया।
ट्रक चालक हिरासत में
डीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रक पलौद धान केंद्र से दोंदे कुटकी की ओर जा रहा था। ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। परिवार में मातम का माहौल है। छोटे बेटे मनीष शर्मा रियल एस्टेट का काम देखते हैं। सर्जरी के बाद स्वस्थ होकर घर लौटने की उम्मीदें इस हादसे ने पल भर में खत्म कर दीं।