अशोक वाटिका स्टेडियम रोड पर देर रात हादसा, दमकल पहुंचने में देरी से भड़की नाराजगी
कोरबा शहर में रविवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कोयले से भरे एक ट्रेलर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई।
कोरबा। सीएसईबी चौकी क्षेत्र स्थित अशोक वाटिका स्टेडियम रोड पर रविवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कोयले से भरे ट्रेलर के केबिन के पास से अचानक धुआं उठने लगा, जो कुछ ही मिनटों में भीषण आग में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर सड़क से गुजर रहा था तभी आग की शुरुआत हुई। लपटें तेजी से फैलती गईं और पूरा वाहन आग की चपेट में आ गया। चालक ने हालात भांपते हुए तुरंत वाहन से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। बताया जा रहा है कि वाहन टी ट्रांसपोर्ट कंपनी का है। आग की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घंटों जलता रहा वाहन
आग लगने के बाद ट्रेलर काफी देर तक धू-धू कर जलता रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि दमकल वाहन के पहुंचने में देरी हुई, जिससे आग पर काबू पाने में समय लगा। इसको लेकर लोगों ने नाराजगी भी जताई।
पास में पेट्रोल पंप और रिहायशी इलाका
घटनास्थल के आसपास पेट्रोल पंप, दुकानें और आवासीय मकान मौजूद हैं। समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था। सूचना पर डायल 112 और सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।