गरज-चमक के साथ बौछारें, बिजली गिरने की आशंका; रायपुर में दिनभर छाए रहे बादल
बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर अब छत्तीसगढ़ में दिखने लगा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश, गरज-चमक और आंधी की चेतावनी जारी की है। अगले दो दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है।
रायपुर। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय लो प्रेशर एरिया के चलते छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग के अनुसार आज कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में तेज गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवा चलने की भी आशंका जताई गई है। राजधानी रायपुर में सुबह से ही बादल छाए रहे। वातावरण में नमी बढ़ने से उमस महसूस की गई, हालांकि तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। विभाग का कहना है कि अगले सात दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य दायरे में ही रहेगा।
24 घंटे में कैसा रहा मौसम
पिछले 24 घंटों में प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहा। इस दौरान राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
मजबूत हुआ कम दबाव का क्षेत्र
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में कम दबाव का मजबूत क्षेत्र बना है। इस वजह से हवा तेजी से उस दिशा में प्रवाहित हो रही है और करीब 6 किलोमीटर ऊंचाई तक बादल बनने की अनुकूल परिस्थितियां तैयार हो गई हैं।
यह सिस्टम पहले पश्चिम-उत्तर दिशा की ओर बढ़ेगा और बाद में उत्तर-पूर्व की ओर मुड़ सकता है। अगले 48 घंटों तक इसके सक्रिय रहने के आसार हैं, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम अस्थिर रह सकता है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।