बैंकिंग और ऑटो शेयरों में खरीदारी से तेजी, IDFC फर्स्ट बैंक 20% टूटा; एशियाई बाजारों से मिला सपोर्ट
सप्ताह की शुरुआत शेयर बाजार के लिए सकारात्मक रही। सोमवार को सेंसेक्स और निफ्टी दोनों मजबूत बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे। बैंकिंग और ऑटो सेक्टर में खरीदारी के चलते प्रमुख सूचकांकों ने शुरुआती कारोबार में अच्छी तेजी दर्ज की।
मुंबई (ए)। 23 फरवरी को घरेलू शेयर बाजार हरे निशान में खुला। BSE Sensex करीब 500 अंक यानी 0.60% चढ़कर 83,300 के स्तर के पार पहुंच गया। वहीं Nifty 50 150 अंकों (0.58%) की बढ़त के साथ 25,700 पर कारोबार करता नजर आया।
आज के कारोबार में ऑटो और सरकारी बैंकों के शेयरों में मजबूत खरीदारी देखी गई, जिससे बाजार को सहारा मिला।
IDFC फर्स्ट बैंक में 590 करोड़ का फर्जीवाड़ा, शेयर धड़ाम
IDFC First Bank के शेयरों में भारी गिरावट दर्ज की गई। स्टॉक करीब 20% टूटकर 67 रुपए तक आ गया। बैंक की चंडीगढ़ शाखा में लगभग 590 करोड़ रुपए के कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आने के बाद निवेशकों ने बिकवाली की।
जानकारी के मुताबिक, हरियाणा सरकार के एक विभाग ने संदिग्ध लेनदेन की सूचना दी थी, जिसके बाद मामला उजागर हुआ। बैंक ने फिलहाल चार कर्मचारियों को निलंबित कर जांच शुरू कर दी है।